हिंदू धर्म में जितना खास दिवाली त्योहार को माना जाता है, उतना ही अहम देव दिवाली त्योहार को माना जाता है। इस त्योहार में उत्तर प्रदेश के कई शहर दीयों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। धार्मिक कहानियों के मुताबिक, शिव भगवान ने इसी दिन त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसके बाद तीनों लोक असुर के भय से मुक्त हो गए थे। इसके बाद शिव भगवान वाराणसी में भ्रमण करने आए थे। इसी वजह से देव दिवाली के दिन दीपदान का खास महत्व है।
हिंदू पंचांग के मुताबिक, देव दिवाली कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर मनाई जाती है। तिथि के अनुसार, इस साल 24 नवंबर को देव दिवाली त्योहार मनाना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन देवी-देवताओं की आराधना करने से भक्तों को पापों से मुक्ति मिलती है। इसके साथ ही पवित्र नदी में स्नान करने और दीपदान करने से भक्तों को सुख-समृद्धि मिलती है।
यह भी पढ़ें: छठ में व्रत का पारण करते समय किन नियमों का रखें ध्यान? न करें ये गलती
वाराणसी में कैसे मनाई जाती है देव दिवाली?
देव दिवाली त्योहार को वाराणसी में बेहद खास तरीके से मनाया जाता है, जहां गंगा नदी में सुबह-सुबह सभी भक्त स्नान करते हैं। उसके बाद मंदिरों में जाकर विधिवत तरीके से पूजा-पाठ की जाती है। इसके बाद शाम को सभी लोग गंगा के घाटों के किनारे दीये जलाते हैं और गंगा आरती करते हैं। इसके अलावा कई मंदिरों में भक्त भजन-कीर्तन करते हैं। इस पर्व में सभी भक्त सिर्फ गंगा नदी के किनारे ही दीप नहीं जलाते हैं, बल्कि अपने घर के मुख्य द्वार पर भी दीया जलाते हैं। पीपल के पेड़ और तुलसी के पौधे के पास दीया जलाने का विधान है। साथ ही घर के पूजा स्थान और मंदिरों में दीया जलाने की परंपरा है।
देव दिवाली के दिन मथुरा और वृंदावन में उत्सव का माहौल रहता है। यहां भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों में हजारों लोग दर्शन करने आते हैं। इसके अलावा पूर्वांचल क्षेत्र जैसे गाजीपुर, बलिया और गोरखपुर के लोग भी नदियों के किनारे दीप जलाकर पूजा-अर्चना करते हैं। धार्मिक जानकारों का मानना है कि इस दिन भक्तों को दीपदान के अलावा जरूरतमंद लोगों को कपड़े और रुपये का दान देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: मेष से मीन तक, आज किन राशियों की चमकेगी किस्मत?
इसी दिन मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा
देव दिवाली त्योहार को ही कार्तिक पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में इस पर्व को कार्तिक पूर्णिमा के नाम से मनाया जाता है। इन राज्यों के लोग भी इस दिन दीपदान और देवी-देवताओं की पूजा-पाठ करते हैं।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।
