भारत में ऐसे कई मंदिर हैं, जहां लाखों भक्त देवी-देवताओं के समक्ष अलग-अलग प्रकार की मिठाइयां और फल चढ़ाते हैं। इसके अलावा कई मंदिरों में भगवान के समक्ष छप्पन भोग चढ़ाने की परंपरा है। इसके बजाय आपको जानकर हैरानी होगी कि देश में कुछ मंदिर ऐसे भी हैं, जहां भक्त मिठाई और फल चढ़ाने के बजाय कंकड़-पत्थर और घास चढ़ाते हैं। इसके साथ ही इन तीन मंदिरों में रुपये, सोना या चांदी का दान देने की सख्त मनाही है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में नंदेश्वर महादेव मंदिर है, जहां भगवान शिव के समक्ष घास चढ़ाई जाती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के पास स्थित वनदेवी मंदिर में कंकड़ और पत्थर चढ़ाने की परंपरा है। अब सवाल उठता है कि इस अनोखी परंपरा के पीछे की वजह क्या है? आइए जानते हैं।
यह भी पढ़ें: देव प्रबोधिनी को क्यों कहते हैं देव उठनी एकादशी? धार्मिक मान्यता से समझिए वजह
इन मंदिरों में चढ़ता है अनोखा चढ़ावा
मां बगदाई मंदिर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के पास खमतराई में बगदाई मंदिर है। इस मंदिर में वनदेवी की आराधना की जाती है। यहां आने वाले सभी भक्त फूल-माला, मिठाई और फल नहीं चढ़ाते, बल्कि यहां सदियों से कंकड़ चढ़ाने की परंपरा है। धार्मिक जानकारों का मानना है कि इस मंदिर में चमरगोटा नाम के पत्थर चढ़ाने से देवी मां प्रसन्न होती हैं, जिसके बाद भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है। इसी मान्यता को मानते हुए सदियों से महिलाएं 5 कंकड़ चढ़ाकर वनदेवी माता की आराधना करती हैं।
बगदाई मंदिर, Photo Credit- Social Media
नंदेश्वर महादेव मंदिर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में नंदेश्वर मंदिर है, जहां भगवान शिव को घास चढ़ाई जाती है। घास के गठ्ठर के अलावा शिवलिंग के समक्ष भांग और धतूरा भी चढ़ाया जाता है। इस मंदिर में शिवलिंग के अलावा राधा-कृष्ण जी और शनिदेव की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। इन देवी-देवताओं की भी भक्त पूजा करते हैं। शिवलिंग पर चढ़ाई गई घास को लोग शाम के समय प्रसाद के तौर पर ले जाते हैं और बेजुबान पशुओं, जैसे गाय को खिलाते हैं।
यह भी पढ़ें: राशिफल: गोपाष्टमी पर किन राशियों को बढ़ेगी आमदनी, किन्हें मिलेगा परिवार का साथ?
मंदिर में घास चढ़ाने की परंपरा 2014 में शुरू की गई थी। मंदिर की स्थापना करने वाले सुशील ने इस परंपरा की शुरुआत की। उन्होंने गौसेवा के लिए लोगों से अपील की कि हर भक्त रुपये का दान करने के बजाय शिव जी के समक्ष घास के गठ्ठर चढ़ाएं, ताकि इन घासों को गायों को खिलाया जा सके।
श्री प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर
प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर, Photo Credit- Social Media
यह मंदिर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मसूरी रोड के पास स्थित है। प्रकाशेश्वर महादेव मंदिर देश के उन चुनिंदा मंदिरों में से एक है, जहां भक्त भगवान को मिठाई नहीं चढ़ाते हैं। साथ ही इस मंदिर में रुपये का दान देने की मनाही है। इस मंदिर की सबसे रोचक बात यह है कि यहां भक्तों को प्रसाद के रूप में चाय, खीर, पूड़ी और चना मिलता है। भक्तों को जिस कप में चाय मिलती है, उसे भक्त खुद ही रख जाते हैं। इस मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर हजारों लोग दर्शन करने आते हैं।
