सनातन धर्म में वाल्मीकि रामायण को बेहद अहम ग्रंथ माना जाता है। इस ग्रंथ में भगवान राम की जीवन गाथा बताई गई है, जिसमें राम और रावण की दुश्मनी के अलावा कई कहानियां बताई गई हैं। इसके साथ ही रावण और कालकेय दानवों की दुश्मनी की कहानी भी बताई गई है। कालकेय वंश के राजकुमार विद्युतजिह्वा के साथ रावण की बहन शूर्पणखा की शादी हुई थी। जिसके बाद रावण ने अपने जीजा विद्युतजिह्व का वध कर शूर्पणखा को विधवा बना दिया।

 

वाल्मीकि रामायण में बताया गया है कि रावण और कालकेय दानवों के बीच युद्ध हुआ था। इस घटना के बारे में वाल्मीकि रामायण के सर्ग 12 से लेकर 23 तक बताया गया है। आइए जानते हैं कि रावण और विद्युतजिह्व के बीच दुश्मनी की वजह क्या थी।

 

यह भी पढ़ें: नहाय-खाय से छठ महापर्व शुरू, देश में कैसा है माहौल? देखें तस्वीरें

कालकेय दानवों की कहानी

कालकेय दानव महर्षि कश्यप और कालका की संतान थे। उनकी माता का नाम 'कालका' था। इसी नाम के आधार पर ये दानव 'कालकेय' कहलाए। कालकेय दानवों का स्वभाव बेहद क्रूर था। महाभारत के आदि पर्व के मुताबिक, 60,000 कालकेय दानव थे, जो हर तरफ धार्मिक रीति-रिवाजों में रुकावट डालते थे।

 

जब एक बार कालकेय देवताओं से हार गए, तो वे पाताल लोक में जा बसे। पाताल लोक में रहने के बावजूद उन्होंने देवताओं को परेशान करना नहीं छोड़ा। जिसके बाद महर्षि अगस्त्य ने समुद्र का जल पीकर देवताओं को इनका संहार करने में सहायता की थी।

 

यह भी पढ़ें: 19 या 20 नवंबर कब है देव उठनी एकादशी? पूजा, मुहूर्त और कथा, सब जानिए

रावण से दुश्मनी क्यों हुई थी?

वाल्मीकि रामायण के 12वें सर्ग में बताया गया है कि जब रावण लंका का राजा बन गया था, तब रावण की बहन शूर्पणखा की शादी कालकेय कुल के बलशाली दानव राजकुमार विद्युतजिह्व से हुई थी। इसके बाद वाल्मीकि रामायण के 23वें सर्ग में लिखा है कि रावण तीनों लोकों पर विजय पाना चाहता था। इसी मंशा को पूरा करने के लिए वह पाताल लोक चला गया। जहां रावण ने कालकेय दानवों का संहार करना शुरू कर दिया। इसी दौरान रावण का सामना विद्युतजिह्व से हुआ, तो रावण ने रिश्तों की परवाह किए बगैर अपनी तलवार से उसका सिर काट दिया।

 

इस हत्या की खबर जानकर शूर्पणखा बेहद दुखी हुईं और उन्हें अपने भाई रावण पर गुस्सा भी आया। शूर्पणखा अपने पति की मृत्यु के बाद रावण के महल जाकर अपना क्रोध दिखाने लगीं। तब रावण ने अपनी गलती मानकर शूर्पणखा को शांत कराया। साथ ही पंचवाटिका में जाकर मनचाहा वर खोजने की सलाह दी। फिर शूर्पणखा पंचवाटिका गई थीं, जहां उन्होंने भगवान राम को पहली बार देखा था।

 

नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।