एशिया कप 2025 की शुरुआत हो चुकी है। 9 सितंबर से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट 28 सितंबर तक चलेगा। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए इस बार का एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है। एशिया के सबसे क्रिकेट इवेंट में पहली बार 8 टीमें खिताब के लिए मैदान में हैं। 1984 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट का यह 17वां संस्करण (वनडे और टी20 को मिलाकर) है।
सबसे ज्यादा किसने जीता एशिया कप?
एशिया कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड भारत के नाम है। टीम इंडिया वनडे फॉर्मेट में 7 बार एशिया की चैंपियन बन चुकी है। टी20 फॉर्मेट में अब तक एशिया कप 2 बार ही हुआ है, जिसके पहले संस्करण में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। यानी भारत ने कुल 8 एशिया कप खिताब जीते हैं। दूसरे नंबर पर श्रीलंका है। उसने 6 बार एशिया कप पर अपना कब्जा जमाया है।
पिछली बार 2022 में एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हुआ था, तब श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं वनडे फॉर्मेट में उसने 5 खिताब जीते हैं। श्रीलंका की टीम वनडे फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में आखिरी बार 2014 में चैंपियन बनी थी।
यह भी पढ़ें: तगड़ी फॉर्म में है 2022 में हराने वाला खिलाड़ी, सावधान रहना टीम इंडिया
पाकिस्तान ने कितने एशिया कप खिताब जीते हैं?
पाकिस्तान ने एशिया कप में दो खिताब जीते हैं। ये दोनों खिताब उसने वनडे फॉर्मेट में अपने नाम किए। पाकिस्तान को अपने पहले एशिया कप खिताब के लिए 16 साल तक इंतजार करना पड़ा था। पाक टीम साल 2000 में श्रीलंका को हराकर पहली बार एशिया की चैंपियन बनी। इसके बाद उसने 2012 में खिताब जीता। पाकिस्तान को 13 साल से तीसरे एशिया कप की तलाश है।
यह भी पढ़ें: कुलदीप का कहर... सूर्या ने रन आउट की अपील वापसी ली, टॉप-5 मोमेंट्स
बांग्लादेश ने तीन फाइनल हारे
बांग्लादेश की टीम एक भी एशिया कप नहीं जीत सकी है। वह तीन बार खिताब के काफी करीब पहुंची है लेकिन उसे मायूसी हाथ लगी। बाकी टीमों की बात करें तो अफगानिस्तान, UAE, और हॉन्ग कॉन्ग की टीमें एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी हैं। वहीं ओमान ने पहली बार एशिया कप के लिए क्वालिफाई किया है।
एशिया कप विनर लिस्ट:
| संस्करण | साल | विजेता | उप-विजेता | मेजबान |
| पहला | 1984 | भारत | N/A | UAE |
| दूसरा | 1986 | श्रीलंका | N/A | श्रीलंका |
| तीसरा | 1988 | भारत | श्रीलंका | बांग्लादेश |
| चौथा | 1990-91 | भारत | श्रीलंका | भारत |
| पांचवां | 1995 | भारत | श्रीलंका | UAE |
| छठा | 1997 | श्रीलंका | भारत | श्रीलंका |
| 7वां | 2000 | पाकिस्तान | श्रीलंका | बांग्लादेश |
| 8वां | 2004 | श्रीलंका | भारत | श्रीलंका |
| 9वां | 2008 | श्रीलंका | भारत | पाकिस्तान |
| 10वां | 2010 | भारत | श्रीलंका | श्रीलंका |
| 11वां | 2012 | पाकिस्तान | बांग्लादेश | बांग्लादेश |
| 12वां | 2014 | श्रीलंका | पाकिस्तान | बांग्लादेश |
| 13वां | 2016 | भारत | बांग्लादेश | बांग्लादेश |
| 14वां | 2018 | भारत | बांग्लादेश | UAE |
| 15वां | 2022 | श्रीलंका | पाकिस्तान | UAE |
| 16वां | 2023 | भारत | श्रीलंका | श्रीलंका/पाकिस्तान |
