भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना छठा गोल्ड मेडल जीत लिया है। महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलेटिक्स में भारत को पहला गोल्ड दिलाया। विथ्या रामराज, किरण पहल, माचेत्तिरा पूवम्मा और प्राची की चौकड़ी ने 3 मिनट 29.69 सेकंड का समय निकालकर खिताब अपने नाम किया।
आइची-नागोया में हुए फाइनल में भारतीय टीम ने बहरीन और चीन को पीछे छोड़ा। बहरीन ने 3:30.21 के समय के साथ सिल्वर और चीन ने 3:31.02 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में एथलेटिक्स के गोल्ड के लंबे इंतजार को भी खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें: Asian Games: गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में लगाई मेडल की हैट्रिक
भारत को एथलेटिक्स में मिला पहला गोल्ड
महिला 4x400 मीटर रिले में मिली यह जीत भारत के लिए खास है। यह 2026 एशियन गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले एथलेटिक्स में भारत के खाते में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल आए थे। मंगलवार को पूजा ने महिलाओं की हाई जंप में बॉन्ज मेडल जीता। वहीं गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 13:32.75 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। यह एशियन गेम्स में गुलवीर का तीसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने 10,000 मीटर में सिल्वर और 1500 मीटर में भी पदक जीता था।
यह भी पढ़ें: Asian Games: एशियाड में अब रेसलिंग की बारी, भारतीय पहलवानों को मिला मुश्किल ड्रॉ
भारत ने मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके बाद पुरुषों की 4x400 मीटर रिले टीम ने भी पोडियम पर जगह बनाई। धर्मवीर चौधरी, मनु थेक्किनालिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारसु की टीम ने 3:01.61 का समय निकाला। जापान ने 3:00.75 के समय के साथ गोल्ड जीता, जबिक कतर को 3:00.93 के साथ सिल्वर मिला। इस तरह भारत ने एथलेटिक्स में एक ही दिन कई मेडल अपने नाम किए।
महिला रिले ने बचाया एथलेटिक्स का गोल्ड
एथलेटिक्स की कुछ इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों को निराशा भी मिली। अविनाश साबले पुरुषों की 5000 मीटर फाइनल में नहीं उतरे। इससे पहले वह 3000 मीटर स्टीपलचेज में पोडियम हासिल नहीं कर सके थे। महिलाओं की हैमर थ्रो में तान्या चौधरी 63.35 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रहीं। अनुष्का यादव 64.56 मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: परवीन-अंकुश गोल्ड मेडल मुकाबले में पहुंचे, नरेंद्र को मिला ब्रॉन्ज
हालांकि, दिन का अंत भारत के लिए शानदार रहा। महिला 4x400 मीटर रिले टीम के गोल्ड ने एथलेटिक्स में भारत के लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। टीम के 3:29.69 के प्रदर्शन ने भारत को एशियन गेम्स 2026 में ट्रैक एंड फील्ड का पहला गोल्ड दिलाया।
