ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सहरावत और अंतिम पंघाल ने एशियन गेम्स 2026 के रेसलिंग इवेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पिछले एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज मेडल विजेता अमन ने मेंस 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बनाई है, जबकि अंतिम विमेंस 53 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंची हैं। अमन ने सेमीफाइनल में ताजिकिस्तान के ऐयाल बेलोल्यूब्स्की को 14-8 से हराया और गोल्ड मेडल के मुकाबले में उनका सामना अब नॉर्थ कोरिया के चोंग सोंग हान से होगा। हांगझोऊ एशियन गेम्स की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अंतिम ने सेमीफाइनल में चीन की जिन झांग को 6-1 से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला 2024 की वर्ल्ड चैंपियन मो कियोका से होगा।
इससे पहले दोनों भारतीय रेसलर्स ने अपने शुरुआती मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया। अमन ने जापान के यामातो ओगावा पर 20-9 की तकनीकी श्रेष्ठता से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और फिर क्वार्टर-फाइनल में कजाकिस्तान के नुरदानत ऐतानोव को हराया। अंतिम ने कजाकिस्तान की शुगिला ओमिरबेक पर 9-0 की शानदार जीत के साथ शुरुआत की और फिर क्वार्टर-फाइनल में उज्बेकिस्तान की साकिबजमाल एस्बोसीनोवा को हराया।
यह भी पढ़ें: Asian Games: भारत की प्रणवी उर्स ने जीता गोल्ड, एशियन गेम्स में रचा इतिहास
बाकी खिलाड़ियों का क्या हाल है?
भारत के अन्य खिलाड़ियों में दीपक पूनिया ने मेंस 97 किलोग्राम वर्ग में चीन के जुनपेंग झोउ पर 12-2 की तकनीकी श्रेष्ठता से जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें हान्ग कॉन्ग के विंसेंट फंग वुई ली से वॉकओवर मिला, जिससे वह सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। हालांकि अंतिम-4 में उज्बेकिस्तान के शेरजोद पोयोनोव से 8-9 से हारने के बाद वह फाइनल में जगह बनाने से चूक गए और अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगे।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: रिकर्व तीरंदाजी में गोल्ड लाने वाली कुमकुम मोहोड़ कौन हैं?
सागर जगलान ने मेंस 74 किलोग्राम वर्ग में मंगोलिया के तुलगा तुमुर ओचिर पर 8-1 से जीत हासिल करके के क्वार्टरृ-फाइनल में प्रवेश किया लेकिन अंतिम-8 में वह ईरान के योनेस इमामिचोगेई से हार गए। जगलान ने बाद में अपना रेपेचेज राउंड उज्बेकिस्तान के रजामबेक जामालोव के खिलाफ 7-3 से जीता और अब वह ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगे।
मनीषा भानवाला विमेंस 65 किलोग्राम वर्ग के मेडल की रेस से बाहर हो गईं। उन्होंने कोरिया की यंगजिन क्वोन को पिनफॉल से हराया लेकिन क्वार्टर-फाइनल में जापान की ओलंपिक चैंपियन अकारी फुजिनामी से 0-3 से हार गईं। फुजिनामी फाइनल में नहीं पहुंच सकी, जिससे मनीषा की मेडल की उम्मीद भी समाप्त हो गई।
