एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए टेबल टेनिस से जुड़ी एक खुशखबरी आई है। भारत की मानुष शाह और दीया चितले की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों की जोड़ी ने मिक्सड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। यह इस बार के एशियन गेम्स में टेबल टेनिस का भारत के लिए पहला मेडल है।
यह एशियन गेम्स में मिक्सड डबल्स टेबल टेनिस में भारत का केवल दूसरा मेडल है। इससे पहले साल 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में शरद कमल और मानिका बत्रा की जोड़ी ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
यह भी पढ़ें: कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में भारत को दिलाया गोल्ड
दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी को हराया
मानुष शाह और दीया चितले ने क्वार्टर फाइनल मैच में ही अपने मेडल की नींव रखी। उन्होंने दुनिया की टॉप चौथी जोड़ी डू होई केम और वोंग चुन टिंग को 3-1 (11-6, 13-15, 11-9, 11-5) से हराकर मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया था।
बाकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन
टेबल टेनिस में भारत को मिक्सड डबल्स में मेडल मिला। साथ ही अन्य खेल में मिला-जुला और कहीं निराश करने वाला रिजल्ट देखने को मिला। मानुष शाह ने मेन सिंगल्स के मैच में ईरान के बेनयामीन फराजी को सीधे सेटों में 4-0 से हरा दिया। वहीं, वुमेन सिंगल्स में यशस्विनी घोरपड़े ने सीरिया की हेंड जाजा को 4-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
मेन सिंगल्स में मानव ठक्कर को उत्तर कोरिया के यू ताए रियॉन्ग से 2-4 से हार झेलनी पड़ी। वहीं, वुमेन सिंगल्स में श्रीजा अकुला को भी उत्तर कोरिया की प्योन सोंग ग्योंग ने 4-1 से हराकर बाहर कर दिया।
यह भी पढ़ें: रेटा की पगडंडी से जापान के ट्रैक तक पहुंचीं हिमाचल की उड़नपरी सीमा
डबल्स में हार
मेन डबल्स में हरमीत देसाई और जी साथीयान की जोड़ी को जापान की सोरा मत्सुशिमा और शुनसुके तोगामी ने 3-0 से हरा दिया। मानुष शाह और मानव ठक्कर की जोड़ी भी जापान के तोमोकाजू हरिमोतो और हिरोतो शिन्नोज़ुका से 1-3 से हारकर बाहर हो गई।
वुमेन डबल्स में श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास की जोड़ी को चीन की कुआई मान और वांग मनयु ने 3-0 से हराया। यशस्विनी और दीया चितले की जोड़ी को भी चीन की फैन शुहान और चेन यी के हाथों 0-3 से हार मिली। हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की मिक्सड डबल्स जोड़ी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन के लिन शिदोंग और कुआई मान से 0-3 से हार गई।
