एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष पाटिल ने अब 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर और ब्रॉन्ज जीत लिए हैं। हिमांशु ढिल्लों ने अंतिम चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता, जबकि पूर्व वर्ल्ड चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
ये दोनों व्यक्तिगत मेडल भारत के टीम स्पर्धा में सिल्वर जीतने के करीब एक घंटे बाद आए। हिमांशु, रुद्रांक्ष और पार्थ माने की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में 1890.1 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया था। चीन ने इस स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। शूटिंग में भारत ने दूसरे दिन (सोमवार) 3 मेडल जीते, जिससे इस खेल में देश के मेडल्स की संख्या 5 हो गई है।
भारतीय निशानेबाजों ने रविवार को विमेंस 10 मीटर एयर राइफल में 2 सिल्वर मेडल जीतकर अभियान की शुरुआत की थी। इस एशियन गेम्स में भारत के कुल मेडल्स की संख्या अब 6 हो गई है। इनमें महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) स्पर्धा में सुचिका तरियाल का ब्रॉन्ज मेडल भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत की टॉप-10 टीमें और खिलाड़ी, जिनसे है गोल्ड की उम्मीदें
रुद्रांक्ष आखिरी चरण में फिसले
20 साल के हिमांशु ने 252.4 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन के लिहाओ शेंग ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में कई मौकों पर शीर्ष में जगह बनाने वाले रुद्रांक्ष 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। रुद्रांक्ष ने मजबूत शुरुआत की और फाइनल के शुरुआती दौर में लिहाओ के साथ कड़ा मुकाबला किया।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के सलाहकार का बेटा एशियन गेम्स से बाहर, वजन कम करने में हुआ बेहोश
रुद्रांक्ष ने दूसरी सीरीज 106.0 के कुल स्कोर के साथ समाप्त की, जबकि लिहाओ के 104.9 और हिमांशु के 104.8 अंक थे। हालांकि दूसरे चरण की छठी सीरीज में रुद्रांक्ष ने 9.7 का निशाना लगाया, जबकि हिमांशु ने 10.6 अंक हासिल कर उन्हें पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इसके साथ ही हिमांशु ने मौजूदा एशियाड में अपना दूसरा सिल्वर मेडल पक्का किया।
