जापान के आइची-नागोया में हो रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 18वां गोल्ड जीत लिया है। प्रणवी उर्स ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए गोल्फ में यह गोल्ड दिलाया है। 23 साल की प्रणवी ने आखिरी दौर में एक स्ट्रोक की बढ़त बरकरार रखा और गोल्ड झटक लिया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं। प्रणवी ने टीम को सिल्वर मेडल भी दिलाया। 

 

मैसूर से आने वाली प्रणवी ने तीसरे होल में ट्रिपल बोगी करने के बाद तीन बर्डी लगाए। आखिरी दौर में उन्होंने इवन पार 70 स्कोर किया और चार दिन में उनका कुल स्कोर 15 अंडर 265 रहा।  प्रणवी, अदिति अशोक (आखिरी दौर में 67) और दीक्षा डागर (आखिरी दौर में 77) की तिकड़ी वाली टीम ने सिल्वर मेडल जीता। भारत ने 14 अंडर 546 स्कोर किया। चीन ने 22 अंडर 538 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता।

 

यह भी पढ़ें: IND vs PAK: एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान के बीच 'महाजंग', कहां दिखेगा मैच?

कौन हैं प्रणवी उर्स?

प्रणवी का जन्म 15 अप्रैल, 2003 को हुआ था। उन्होंने महज 6 साल की उम्र में ही गोल्फ खेलना शुरू कर दिया था। उनके पिता और भाई भी गोल्फ खेलते थे, जिससे प्रणवी को छोटी उम्र में ही इस खेल से प्यार हो गया। उन्होंने जूनियर और एमेच्योर गोल्फ सर्किट में अपनी पहचान बनाई और 2018 में थाईलैंड में सिंघा वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप और ऑल इंडिया जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप जीती। वह 2020 में प्रोफेशनल बनीं और घरेलू महिला प्रोफेशनल गोल्फ सर्किट में खेलने लगीं।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: रिकर्व तीरंदाजी में गोल्ड लाने वाली कुमकुम मोहोड़ कौन हैं?

 

प्रणवी ने 2023 में हांगझोऊ एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत और महिला टीम इवेंट दोनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद उन्होंने लेडीज यूरोपियन टूर (LET) और अन्य प्रोफेशनल टूर पर प्रतिस्पर्धा करते हुए इंटरनेशनल सर्किट में भी अपनी पहचान बना ली है।