भारत और श्रीलंका के बीच इस महीने 2 टेस्ट मैचों की सीरीज होनी है। इस सीरीज का पहला मैच 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है। इससे पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है। जसप्रीत बुमराह श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए हैं। बुमराह को फिटनेस के आधार पर टेस्ट टीम में शामिल किया गया था लेकिन वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने में लगी चोट से अभी तक पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं। बुमराह के घुटने में अभी भी सूजन है। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने भारतीय टीम के आगामी व्यस्त शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए इस अनुभवी तेज गेंदबाज की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी में किसी तरह की जल्दबाजी दिखाने से परहेज किया है। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार (3 अगस्त) को बयान जारी कर कहा, 'मेंस सेलेक्शन कमिटी ने बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज को पहली बार सीनियर नेशनल टीम में जगह मिली है।'
यह भी पढ़ें: 'राम-राम भाई सारा ने' वाले अंकित बैयांपुरिया रिंग में चित, क्या है हाइप फाइटिंग?
कश्मीर घाटी के पहले खिलाड़ी
आकिब नबी भारतीय टेस्ट टीम में सेलेक्ट होने वाले कश्मीर घाटी के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। कश्मीर के बारामूला के रहने वाले 29 साल के आकिब नबी से पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक टीम इंडिया तक का सफर तय कर चुके हैं लेकिन उन्होंने सीमित ओवरों की टीम में जगह बनाई थी।
आकिब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में कुल 104 विकेट लिए हैं, जिनमें 2025-26 सीजन में 60 विकेट भी शामिल हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। आकिब बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं। वह हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो फर्स्ट क्लास मैचों में छह विकेट लिए थे।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स में किन-किन एथलीट्स ने भारत को दिलाए मेडल? पूरी लिस्ट
साई सुदर्शन भी हैं चोटिल
बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन को भी श्रीलंका दौरे के लिए फिटनेस के आधार पर टीम में चुना गया है। वह अभी भी पैर की चोट से उबर रहे हैं। श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल , ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।
