ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन में जारी है। आज (14 अगस्त) मुकाबले का दूसरा दिन है। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर समेटने के बाद बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही बांग्लादेशी टीम ने इतिहास रच दिया है। वह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार टेस्ट क्रिकेट में बढ़त बनाने में सफल रही है।

 

तंजिद हसन ने लंच के बाद चौथे ओवर में चौका जड़कर बांग्लादेश को लीड दिलाई। वह 88 रन बनाकर खेल रहे हैं और अपने पहले टेस्ट शतक से महज 12 रन दूर हैं। उनके साथ क्रीज पर कप्तान नजमुल हसन शांटो खड़े हैं। शांटो ने 33 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 62 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम विकेट के लिए तरस गई है। उसे दिन की एकमात्र सफलता मिचेल स्टार्क ने दिलाई, जिन्होंने मोमिनुल हक (49) को चलता किया।

 

यह भी पढ़ें: रैंक टर्नर होगी गॉल की पिच... टीम इंडिया को प्रभात जयसूर्या से क्यों डरना चाहिए?

यह भी पढ़ें: जडेजा-कुलदीप के साथ सुथार भी खेलेंगे गॉल टेस्ट? बॉलिंग कोच ने दिए संकेत

ऑस्ट्रेलिया में 23 साल बाद टेस्ट खेल रहा है बांग्लादेश

बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट 23 साल पहले डार्विन में ही खेला था। उस मुकाबले में बांग्लादेशी टीम को पारी और 132 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। स्टीव वॉ की कप्तानी वाली टीम के सामने बांग्लादेश 97 और 178 रन ही पर ही ऑलआउट हो गया था। इस दौरे पर बांग्लादेश ने दूसरा टेस्ट केर्न्स में खेला। यहां भी उसे पारी और 98 रन से हार मिली थी।

 

बांग्लादेश ने केर्न्स टेस्ट में की पहली पारी में 295 रन बनाए थे लेकिन इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 556 रन बना दिए और बड़ी लीड ले ली। इसके बाद कंगारुओं ने बांग्लादेशी टीम की दूसरी पारी 163 पर समेट क्लीन स्वीप कर लिया। बांग्लादेश ने इसके बाद से लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट दौरा नहीं किया। 2003 के बाद अब जाकर उसे ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलने का मौका मिला है, जिसमें उसने दबदबा बनाया हुआ है।