इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को एक और तगड़ा झटका लगा है। इस सीजन में CSK के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले आयुष म्हात्रे हैंमस्ट्रिंग की चोट के चलते बाहर हो गए हैं। आयुष को यह चोट 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान लगी थी। CSK ने अपने बयान में कहा कि आयुष को चोट से उबरने में 6-12 सप्ताह का समय लगेगा।

CSK मैनेजमेंट पर उठे सवाल

SRH के खिलाफ आयुष के रन लेते समय दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद भी वह कुछ समय तक बल्लेबाजी करते रहे, जिससे अब टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि खिलाड़ी असहज था तो उसे बल्लेबाजी जारी रखने की इजाजत क्यों दी गई? उसे तुरंत बाहर बुला लिया गया होता तो शायद चोट इतनी गंभीर नहीं हुई होती।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच आकिब नबी की चमकी किस्मत, टीम इंडिया में एंट्री तय!

आयुष को कौन करेगा रिप्लेस?

18 साल के आयुष म्हात्रे ने इस सीजन CSK के लिए 6 मैचों में 33.50 की औसत और 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले। नंबर-3 पर खेलते हुए आयुष CSK को अच्छी शुरुआत दिला रहे थे और वह मिडिल ओवर्स में भी रनगति को कम नहीं होने दे रहे थे। अब उनके बाहर होने से CSK की डगमगाती नैया डूबती नजर आ रही है।

 

फ्रेंचाइजी ने आयुष के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। समझा जा रहा है कि उर्विल पटेल ही आयुष की जगह खेलेंगे। गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पिछले सीजन इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर CSK से जुड़े थे।

 

यह भी पढ़ें: फिर फ्लॉप हुए सूर्यकुमार यादव, सोशल मीडिया पर फैंस ने लगाई क्लास

आठवें स्थान पर है CSK

5 बार की चैंपियन CSK ने IPL 2026 में लगातार तीन हार के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद उसने बैक टू बैक दो मैच जीते। लगा कि टीम पटरी पर आ रही है लेकिन अगले ही मुकाबले में उसे मुंह की खानी पड़ी। CSK 6 मैचों में 4 पॉइंट्स के साथ 8वें पायदान पर है। लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के पास भी 4-4 पॉइंट्स हैं। मुंबई बेहतर नेट रन रेट के आधार पर CSK से एक पायदान ऊपर है, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स का NRR खराब है, जिससे वह CSK से नीचे है।