विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने WPL 2027 के खिलाड़ियों के ऑक्शन की तारीख और टूर्नामेंट का शेड्यूस जारी कर दिया है। सीजन का ऑक्शन 28 अक्तूबर को कोच्चि के ग्रैंड हयात में होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार, 16 सितंबर को पहले पांचों फ्रेंचाइजी को इसकी जानकारी दी और बाद में इसकी आधिकारिक घोषणा की।

 

WPL 2027 का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक होगा। पांचों टीमों को 28 सितंबर तक अपने खिलाड़ियों को रिटेन करने और रिलीज करने का फैसला करना होगा। हर टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं, जबकि इनमें ज्यादा से ज्यादा छह विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जा सकते हैं। मौजूदा साइकिल के लिए प्रत्येक टीम का सैलरी पर्स 15 करोड़ रुपये तय किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: विदेश में नहीं भारत में होगा IPL 2027 का ऑक्शन, इम्पैक्ट प्लेयर नियम बदेलगा?

मुंबई और वडोदरा में हो सकते हैं मुकाबले

BCCI ने अभी WPL 2027 के मैचों के वेन्यू की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मुंबई और वडोदरा में मुकाबले खेले जाने की संभावना है। मुंबई के CCI और वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम को आयोजन के लिए तय मैदानों के तौर पर देखा जा रहा है।

 

WPL का चौथा सीजन भी इन दोनों मैदानों पर खेला गया था। सीजन का फाइनल 5 फरवरी को वडोदरा में हुआ था। ऐसे में अगले सीजन के लिए भी इन मैदानों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: वरुण चक्रवर्ती एशियन गेम्स से भी बाहर, विपराज निगम को मिला मौका

28 सितंबर के बाद साफ होगी टीमों की तस्वीर

पांचों फ्रेंचाइजी के पास 28 सितंबर तक अपने खिलाड़ियों को रिटेन करने या रिलीज करने का समय है। इसके बाद 28 अक्टूबर को कोच्चि में ऑक्शन होगा। इसमें टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों को खरीद सकेंगी। WPL की मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है। अगले सीजन में टीम के सामने अपने खिताब को बचाने की चुनौती होगी।