भारत के आयुष शेट्टी ने BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेब्यू करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने पहले राउंड में वर्ल्ड नंबर-1 और डिफेंडिंग चैंपियन शी यू की को शिकस्त देकर बड़ा उलटफेर किया। 21 साल के आयुष ने चीनी खिलाड़ी को कड़े मुकाबले में 21-14, 13-21, 21-19 से मात दी। यह उनके छोटे से करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने अप्रैल में एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के दौरान ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गजों को हराया था। महिला सिंगल्स में डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने आसान जीत के साथ अगले राउंड में जगह बनाई।
आयुष ने की आक्रामक शुरुआत
इस साल यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुके आयुष ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहले गेम में 11-5 की बढ़त बना ली। इस दौरान चीन के खिलाड़ी ने भी कई गलतियां कीं। वह कभी शटल नेट में उलझा बैठे तो कभी शॉट कोर्ट से बाहर मार गए। आयुष ने इन गलतियों का पूरा फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-14 से अपने नाम कर लिया।
शी यू ने दूसरे गेम में अपने अनुभव का इस्तेमाल किया। उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए आयुष को थकाने की रणनीति अपनाई। भारतीय खिलाड़ी के खेल में भी गलतियां बढ़ने लगीं और शी यू ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराया, अब पाकिस्तान को हराना जरूरी
तीसरे गेम में रोमांच की सारी हदें पार
आयुष ने निर्णायक गेम में संयम बनाए रखा और रणनीति में समझदारी दिखाई। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर जोर दिया और शी यू को गलतियां करने के लिए मजबूर किया। आयुष ने निर्णायक गेम में 11-5 की बढ़त बनाई और फिर स्कोर को 15-5 तक पहुंचा दिया, जिससे लगा कि वह आसानी से मुकाबला जीत लेंगे लेकिन शी यू की ने जबरदस्त वापसी की।
आयुष की गलतियों का फायदा उठाकर चीन के खिलाड़ी ने अंतर घटाकर 20-15 कर दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार चार अंक जुटाकर स्कोर 20-19 कर दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। आयुष ने इस दबाव भरे क्षण में अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने अगला अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: चिकारा ने काटा गदर, रिंकू भी मार रहे; UP T20 लीग में स्टार प्लेयर्स का ये है हाल
सिंधु ने सोफिया नोबल को हराया
सिंधु ने महिला सिंगल्स के पहले राउंड में आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेम में हराकर अपने ऐतिहासिक छठे मेडल की दावेदारी का शानदार आगाज किया। 9वीं वरीयता प्राप्त भारतीय स्टार ने सोफिया की चुनौती से आसानी से पार पाते हुए 21-7, 21-11 से जीत दर्ज कर दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
पांच बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिंधु ने महज 29 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। वह शुरुआत से ही मुकाबले में हावी रहीं और अपने अनुभव और धैर्यपूर्ण खेल से सोफिया को लगातार दबाव में रखा। सिंधु ने पहले गेम में ब्रेक तक 11-2 की मजबूत बढ़त बना ली थी, जिसके बाद उन्होंने आसानी से गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में नोबल ने बेहतर चुनौती पेश की और एक समय सिंधु को कड़ी टक्कर देती दिखी लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-8 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधु ने इसके बाद नोबल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। शानदार ड्रॉप शॉट और दमदार स्मैश के जरिए उन्होंने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और नेट के पास शानदार बैकहैंड ड्रॉप के साथ मैच समाप्त किया। सिंधु अगले राउंड में कनाडा की वेन यू झांग से भिड़ेंगी। झांग ने पहले दौर में बुल्गारिया की स्टेफानी स्टोएवा को 21-7, 21-19 से शिकस्त दी।
महिला डबल्स में त्रीसा-गायत्री जीतीं
कॉमनवेल्थ गेम्स की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने महिला डबल्स में स्पेन की पाउला लोपेज और लुसिया रोड्रिगेज पर 21-9, 21-13 से आसान जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया। भारतीय जोड़ी के सामने अगले राउंड में अमेरिका की 16वीं वरीय लॉरेम लैम और एलिसन क्विन्ह की चुनौती होगी।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की ओर से पहला मुकाबला खेलने उतरे हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने भी दूसरे राउंड में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी के खिलाफ मेंस डबल्स के पहले राउंड में स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स की जोड़ी ने 16-21, 4-6 से पिछड़ने के बाद मुकाबला छोड़ दिया।
हरिहरन और अर्जुन की टक्कर अब कोरिया की 15वीं वरीय मिन ह्युक कांग और डोंग जू की से होगी। कोरिया की जोड़ी को पहले राउंड में बाई मिली थी। पांचवीं सीड स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग आयुष को भी पहले राउंड में बाई मिली है। वे दूसरे राउंड में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी से भिड़ेंगे।
