अब तक इंडियन प्रीमियर लीग के 18 सीजन खेले जा चुके हैं। इनमें से चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 सीजन में हिस्सा लिया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि 2016 और 2017 के सीजन के दौरान टीम पर बैन लगा दिया गया था। CSK अब IPL 2026 में अपना 17वां सीजन खेल रही है। हालांकि, इस सीजन के पहले ही मैच में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद यह सवाल उठता है कि जब भी चेन्नई किसी सीजन में अपना पहला मैच हार जाती है तो क्या उसके लिए प्लेऑफ में जगह बनाना मुश्किल हो जाता है?

 

आपको बता दें कि CSK ने IPL 2026 का अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था। इस मैच में चेन्नई बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही मामलों में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। पहले बैटिंग करते हुए टीम 127 रन पर ऑलआउट हो गई, जबकि राजस्थान ने सिर्फ 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। CSK के बॉलर्स राजस्थान  के सिर्फ दो विकेट ही ले पाए। इस प्रदर्शन के बाद टीम मैनेजमेंट और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों में ठोकी फिफ्टी, CSK की उड़ाई धज्जियां

पहला मैच हारने के बाद CSK का प्रदर्शन

चेन्नई सुपर किंग्स का रिकॉर्ड थोड़ा दिलचस्प है। अपने 16 सीजन के इतिहास में टीम 8 बार IPL का पहला मैच हार चुकी है। इसमें 2009, 2010, 2012, 2013, 2014, 2021, 2022 और 2023 का IPL सीजन शामिल है। यहां ट्विस्ट यह है कि इनमें से ज्यादातर बार हार के बावजूद CSK ने जोरदार वापसी की है। इन 8 सीजन में से सिर्फ 2022 को छोड़ दें, तो हर बार टीम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही।

 

IPL 2022 ही ऐसा सीजन था जब CSK प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी और 9वें नंबर पर खत्म किया। यानि साफ है कि CSK अगर पहला मैच हार भी जाए तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि पूरा सीजन खराब जाएगा या टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाएगी। टीम कई बार ऐसी शुरुआत के बाद भी शानदार कमबैक कर चुकी है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट से रौंदा, कहां पीछे रह गई CSK?

IPL में CSK का प्रदर्शन

चेन्नई सुपर किंग्स चार बार IPL के लीग स्टेज खेलकर बाहर हो चुकी है और प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई है। उनका सबसे खराब सीजन IPL 2025 था, जब वे 10वें नंबर पर रहे थे। दूसरी ओर CSK एक बार प्लेऑफ में खेली है लेकिन फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई। चेन्नई एक बार सेमीफाइनल स्टेज में पहुंची है, पांच बार रनर-अप रही है, और पांच बार IPL ट्रॉफी जीती है।