चेस ओलंपियाड के 8वें राउंड में भारत की महिला और ओपन टीम को जीत नसीब नहीं हुई। दोनों ही कैटगरी में ड्रॉ के चलते भारत की मुश्किल बढ़ गई है। राउंड 8 के बाद महिलाओं की कैटगरी में भारतीय टीम 13 अंकों के साथ पांचवे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, ओपन टीम के पास भी 13 अंक हैं लेकिन वह सातवें नंबर पर पहुंच गई है। राउंड 9 में भारत की ओपन टीम का मुकाबला नंबर 2 पर मौजूद जर्मनी से होना है। वहीं, महिला टीम का मुकाबला अब उज्बेकिस्तान से होना है।

 

सातवें राउंड में शानदार जीत के बाद भारत को उम्मीद थी कि आठवें राउंड में जीत मिली तो वह पदक के दावेदारों में शामिल होगा। हालांकि, 8वें राउंड में ड्रा खेलने के चलते टीम इंडिया अब मुश्किल से पोडियम फिनिश तक की कोशिश कर सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड का फॉर्मेट क्या है, भारत की राह में चुनौती कौन-कौन हैं? हर डिटेल

8वें राउंड में क्या हुआ?

ओपन टीम के आर प्रज्ञानानंदा ने इस राउंड में भी टॉप बोर्ड पर शाखरीयार मामदेयारोव के खिलाफ खेला। वहीं, सेकेंड बोर्ड पर अर्जुन एरिगैसी ने अयादीन के खिलाफ और थर्ड बोर्ड पर गुकेश ने मुरादली के खिलाफ खेला। विदित गुजराती ने इस बार लास्ट बोर्ड पर खेला। इन चारों ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन एक भी मैच नतीजे तक नहीं पहुंच पाया और इसका नुकसान भारत को उठाना पड़ा। इस मैच का फायदा अजरबैजान को हुआ और अब वह 13 अंक के साथ नंबर 5 पर पहुंच गया है।

महिला टीम में कोनेरू हंपी, वैशाली रमेशबाबू, दिव्या देशमुख और सीवित्री श्री उतरीं लेकिन कजाकिस्तान की महिलाओं के आगे भारतीय खिलाड़ियों की चाल कामयाब नहीं हुई। दिव्या देशमुख और कोनेरू हंपी ड्रा खेलने में कामयाब रहीं। वहीं, वैशाली रमेशबाबू अपना मैच हार गईं और सावित्री श्री ही अपना मैच जीतने में कामयाब हुईं।

 

यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड डी गुकेश के लिए बेहद अहम क्यों होने वाला है?


 
इस राउंड के बाद भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए आल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने लिखा है कि भारत की ओपन टीम 13 अंक के साथ उज्बेकिस्तान और जर्मनी से सिर्फ एक अंक ही पीछे है और अभी तीन राउंड बाकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सभी खिलाड़ी और मेहनत करके पोडियम फिनिश की कोशिश करेंगे।