उज्बेकिस्तान के समरकंद में हो रहे चेस ओलंपियाड में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत की ओपन और महिला दोनों टीमों ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली है। ओपन टीम ने स्पेन को 3-1 से हराया तो वहीं महिला टीम ने मंगोलिया पर इसी अंतर से जीत हासिल की।

 

वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियनशिप चैलेंजर अलेक्सी शिरोव को मात देकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। गुकेश ने मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और 42 चालों में बाजी अपने नाम कर ली।

 

भारत को शुरुआती बढ़त अर्जुन एरिगैसी ने दिलाई। दूसरे बोर्ड पर सफेद मोहरों से खेलते हुए अर्जुन ने आक्रामक अंदाज में शानदार जीत दर्ज की। वहीं आर प्रज्ञानानंदा को डेविड एंटोन गुइजारो ने ड्रॉ पर रोक दिया, जबकि निहाल सरीन और जैमे सैंटोस लतासा के बीच मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: भारतीय महिला हॉकी टीम का बेहतरीन आगाज, उज्बेकिस्तान को 19-0 से धोया

महिला टीम ने दिखाया अपना दबदबा

महिला वर्ग में भी भारतीय टीम ने मंगोलिया के खिलाफ शानदार शुरुआत की है और 2-0 की बढ़त बनाई लेकिन आर वैशाली और अनुभवी कोनेरू हम्पी का मुकाबला ड्रॉ होने से टीम ने 3-1 से जीत दर्ज की। इससे पहले बी सविता श्री ने अनुभवी मंगुनतुल बातखुयाग को हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की तो वहीं वर्ल्ड कप विजेता दिव्या देशमुख ने बयासगलान खिशिगबातार को मात देकर भारत की बढ़त को मजबूत किया। भारतीय महिला टीम का अगले राउंड में पोलैंड से मुकाबला होगा।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारत का खाता खुला, विमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता सिल्वर

नीदरलैंड्स से ओपन टीम की टक्कर

भारतीय ओपन टीम का पांचवें राउंड में नीदरलैंड्स की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। गुकेश और निहाल ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और अपने चार मैचों में 3.5 अंक हासिल किए हैं। विदित गुजराती ने पांचवें बोर्ड पर दो में से 1.5 अंक बनाकर अपना योगदान दिया है लेकिन प्रज्ञानानंदा और अर्जुन एरिगैसी की फॉर्म चिंता बनी हुई है। अर्जुन ने हार के साथ ओलंपियाड की शुरुआत की थी, जबकि प्रज्ञाननंदा अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। उन्होंने अब तक अपने तीनों मैच ड्रॉ खेले हैं।

 

नीदरलैंड्स को भारत के लिए अब तक की सबसे बड़ी चुनौती इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि डच टीम के टॉप खिलाड़ी अनीश गिरी चार मैचों में चार जीत के साथ शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। दूसरे बोर्ड पर भी जॉर्डन वैन फोरस्ट ने तीन जीत के साथ अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा है।