ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 12 रन पर ही अपने 2 विकेट गंवा दिए। प्रोटियाज टीम को ये दोनों झटके ऑफ स्पिनर कोले मैककॉन्ची ने दिए। क्विंटन डिकॉक के लिए दूसरे ओवर में अटैक पर लगाए गए मैककॉन्ची ने कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर को निराश नहीं किया और चौथी ही गेंद पर सफलता दिला दी।

 

डिकॉक ने मैककॉन्ची पर दबाव बनाने के लिए आगे निकलकर सामने चौका जड़ा था लेकिन अगली ही गेंद पर वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मिड ऑन पर आसान कैच दे बैठे। डिकॉक ने 8 गेंद में 10 रन बनाए। मैककॉन्ची को इसके बाद नए बल्लेबाज रायन रिकलटन का विकेट तोहफे में मिल गया। रिकलटन ने ऑफ स्टंप के बाहर की छोटी गेंद को कट करने का प्रयास किया, जो स्लाइस होकर सीधे शॉर्ट थर्ड फील्डर के हाथों में चली गई। रिकलटन गोल्डन डक पर आउट हो गए और देखते ही देखते साउथ अफ्रीका का स्कोर 12/2 हो गया।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की टीम से बाबर आजम की छुट्टी, 'आगा जी' का क्या हुआ?

कौन हैं मैककॉन्ची?

34 साल के मैककॉन्ची न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में सेंटरबरी के लिए खेलते हैं। वह ऑफ स्पिन गेंदबाजी के अलावा निचले क्रम में बल्ले से उपयोगी योगदान देने के लिए भी जाने जाते हैं। वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड के स्क्वॉड में नहीं चुने गए थे। उन्हें चोटिल माइकल ब्रेसवेल के इस टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भारत बुलाया गया। मैककॉन्ची ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर कीवी टीम से जुड़े और बाद में उन्हें मेन स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया।

 

मैककॉन्ची ने सेमीफाइनल में कमाल करने से पहले श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में आठवें नंबर पर आकर नाबाद 31 रन की पारी खेल न्यूजीलैंड की नैया पार लगाई थी। उन्होंने कप्तान सैंटनर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 47 गेंद में नाबाद 84 रन की साझेदारी की और कीवी टीम को 84/6 के स्कोर से 168/7 के स्कोर तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड ने इसके बाद श्रीलंका को 107/8 के स्कोर पर रोक 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की, जिसकी बदौलत वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा।

 

मैककॉन्ची ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 9 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 145 रन भी बटोरे हैं। मैककॉन्ची ने 6 ODI मैचों में 4 विकेट झटके हैं और 126 रन बनाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: नॉकआउट से पहले ही टूट गए रिकॉर्ड... भारत में कितने लोगों ने T20 WC 2026 को देखा?

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोले मैककॉन्ची, जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन

 

साउथ अफ्रीका - क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडन मारक्रम (कप्तान), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी