भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप शांदी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। बिहार के रोहतास जिले के बड्डी गांव के रहने वाले आकाश दीप की शादी तय हो गई है। शादी की खबर सामने आते ही उनके पैतृक गांव में खुशी का माहौल है और घर-परिवार से लेकर पूरे गांव में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। आकाश दीप अरेंज मैरिज कर रहे हैं और उनकी होने वाली जीवनसंगिनी रोहतास से ही हैं।

कौन हैं आकाश दीप की होने वाली दुल्हनियां?

आकाश दीप की शादी डेहरी के मानिकपुर गांव निवासी अमित कुमार सिंह की पुत्री अक्षिता राज के साथ तय हुई है। अक्षिता एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। आकाश दीप और अक्षिता की शादी पूरी तरह से पारंपरिक और पारिवारिक सहमति से तय की गई है। दोनों परिवारों ने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अमेरिका की सबसे बड़ी जीत, पराग्वे को 4-1 से धोया

ऐसा है आकाश दीप की शादी का पूरा कार्यक्रम 

मिली जानकारी के अनुसार, 21 जून को बड्डी गांव में तिलक समारोह का आयोजन होगा। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्में भी गांव में ही संपन्न कराई जाएंगी। वहीं विवाह समारोह 24 जून को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित एक पांच सितारा होटल में आयोजित किया जाएगा। आकाश दीप की शादी में क्रिकेट, खेल और सामाजिक क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: ...तो बारिश में धुल जाएगा भारत-अफगानिस्तान मैच, क्या है धर्मशाला के मौसम का हाल?

आकाश दीप के गांव में उत्सव जैसा माहौल

बड्डी गांव के लोगों में अपने चहेते क्रिकेटर की शादी को लेकर खासा उत्साह है। जिस गांव से निकलकर आकाश दीप ने भारतीय क्रिकेट टीम तक का सफर तय किया, उसी गांव में अब शादी की रस्मों की तैयारियां चल रही हैं। स्थानीय लोग इसे गांव के लिए गर्व और उत्सव का अवसर मान रहे हैं। हालांकि आकाश दीप इस समय अपने गांव में मौजूद नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वे शादी के निमंत्रण पत्र वितरण और अन्य जरूरी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।

 

इसके बावजूद गांव में तैयारियां लगातार जारी हैं। रिश्तेदारों और परिजनों द्वारा निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं, जबकि घर और आस-पास के इलाकों में सजावट का काम भी शुरू हो चुका है। क्रिकेट मैदान पर देश का नाम रोशन करने वाले आकाश दीप अब अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पारियों में से एक की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसकी गूंज उनके गांव से लेकर क्रिकेट जगत तक सुनाई दे रही है।