देहरादून टी20 लीग 2026 बुधवार (9 सितंबर) को खत्म हुआ। देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खेले गए फाइनल मुकाबले में सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने मसूरी थंडर्स को 39 रन से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। बारिश के कारण 16-16 ओवर के हुए फाइनल में सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 3 विकेट खोकर 192 रन बनाए और मसूरी थंडर्स के सामने विशाल लक्ष्य रखा। 

 

इसका पीछा करते हुए मसूरी थंडर्स की टीम 14.4 ओवर में 153 रन पर ही ऑलआउट हो गई। सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने आसानी से खिताबी मुकाबला जीत देहरादून टी20 लीग की पहली चैंपियन टीम बनने का गौरव हासिल किया। इस लीग की शुरुआत 2 सितंबर को हुई थी। टूर्नामेंट में कुल 18 मैच खेले गए और कई गुमनाम खिलाड़ियों ने अपनी चमक बिखेरी, जिसके दम पर वे इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) फ्रेंचाइजियों की नजरें में आ सकते हैं। आइए उन्हीं में से टॉप-5 खिलाड़ियों की बात करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से धोया, जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में मचाया तहलका 

अंशुल कुमार

मसूरी थंडर्स के युवा पेसर अंशुल कुमार को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया है। उन्होंने महज 3 मैचों में ही 9 विकेट चटका डाले। बाएं हाथ के इस युवा तेज गेंदबाज ने सेमीफाइनल में 4 ओवर में 18 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे, जिसकी बदौलत मसूरी थंडर्स ने विकासनगर धमाका के खिलाफ 127 रन को डिफेंड करते हुए 4 रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी।

विजय शर्मा 

सेलाकुई स्ट्राइकर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज विजय शर्मा का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में शांत रहा था लेकिन उन्होंने फाइनल में ऐसा गदर मचाया कि अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी चौके-छक्कों से गूंज उठा। 27 साल के इस बल्लेबाज ने चौथे नंबर पर आकर  मगज 31 गेंद में 5 चौके और 12 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 103 रन ठोक सेलाकुई स्ट्राइकर्स को मैच विनिंग टोटल तक पहुंचा दिया। वह फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

 

यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी: ड्रॉ रहा फाइनल मैच, ईशान-वैभव की टीम ईस्ट जोन चैंपियन कैसे बन गई?

अनमोल शाह

मसूरी थंडर्स के लेफ्ट आर्म स्पिनर अनमोल शाह ने विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 6 पारियों में 10 विकेट अपनी झोली में डाले। सबसे खास बात इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 6.91 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। उन्होंने फाइनल में लोअर ऑर्डर में आकर 12 गेंद में 28 रन ठोके। इससे पहले अनमोल ने 6 सितंबर को 9वें नंबर पर उतकर 22 गेंद में 35 रन बनाने के अलावा 2 विकेट भी चटकाए थे।

पीयूष जोशी

सेलाकुई स्ट्राइकर्स के कप्तान पीयूष जोशी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। दाएं हाथ के इस 30 वर्षीय बल्लेबाज ने 5 पारियों में 147.33 के स्ट्राइक रेट से 193 रन ठोके। उन्होंने टूर्नामेंट में गजब की निरंतरता दिखाई और दो अर्धशतकी पारी खेली। फाइनल में भी उन्होंने 27 रन का योगदान दिया।

आयुष चौहान

मसूरी थंडर्स के आयुष चौहान ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 14 छक्के लगाए। उन्होंने 7 पारियों में 187.67 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 146 रन बटोरे। आयुष ने ओपनिंग से लेकर लोअर ऑर्डर तक में बल्लेबाजी की, जो बताता है कि वह किसी भी क्रम पर आकर रन बनाने में सक्षम हैं।