भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले टी20 मुकाबला होना है। इसी दौरान दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। ऐसे में अब टी20 मुकाबले पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) को पत्र लिखकर मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया है।
पुलिस का कहना है कि उसी दिन दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन के चलते बड़ी संख्या में VVIP मूवमेंट होगी, ऐसे में मैच के दौरान भीड़ और ट्रैफिक को संभालना बेहद मुश्किल होगा। गौरतलब है कि 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इस दौरान भारत आने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और अन्य VVIP मेहमानों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही कई जगहों पर रूट डायवर्ट किए जाएंगे ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को संभाला जा सके। 13 सितंबर को समिट का आखिरी दिन है और उसी दिन भारत-अफगानिस्तान के बीच टी20 मैच भी होना है।
यह भी पढ़ें: 26 साल बाद शिमला जिला परिषद में BJP की वापसी, कांग्रेस पार्टी को लगा बड़ा झटका
पुलिस से सामने बड़ी चुनौती
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में पूरे दिन VVIP काफिलों की आवाजाही रहेगी। ऐसे में मैच के लिए आने वाले हजारों दर्शकों के वाहनों को संभालना और VVIP मूवमेंट के साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए करीब 25 हजार से 35 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के स्टेडियम पहुंचने और मैच खत्म होने के बाद बाहर निकलने से आसपास की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
सेम रूट बन सकता है परेशानी
पुलिस ने खास तौर पर अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के इलाकों और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, मिंटो रोड और कमला मार्केट जैसे व्यस्त रास्तों का जिक्र किया है। इन इलाकों में पहले से ही VVIP आवाजाही रहेगी और इन्हीं इलाकों में मैच के दौरान दर्शकों की आवाजाही भी रहेगी। इसके कारण सुरक्षा और ट्रैफिक संबंधी व्यवस्थाएं चुनौतीपूर्ण रहेंगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली HC जारी रखेगा सत्य निकेतन हादसे निगरानी, पूरे देश की समस्या पर रहेगी नजर
क्या बदलेगा मैच का शेड्यूल?
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का कार्यक्रम पहले ही तय हो चुका है। पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है। पुलिस का कहना है कि BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है। ऐसे में उसी दिन एक बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराना मुश्किल होगा।
अब दिल्ली पुलिस के अनुरोध के बाद DDCA और संबंधित क्रिकेट अधिकारियों को इस पर फैसला लेना होगा। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मैच को स्थगित करने या मैच का ग्राउंड बदलने को लेकर कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है। अब सबकी नजर DDCA और क्रिकेट बोर्ड के अगले फैसले पर है।
