FIFA वर्ल्ड कप 2026 शुरुआत से पहले ही कई बड़े आयाम स्थापित कर चुका है। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच 104 मैच खेले जाएंगे। फुटबॉल के महाकुंभ के इतिहास में पहली बार इतनी टीमें हिस्सा लेंगी और इतने ज्यादा मैच होंगे। टूर्नामेंट 3 देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में खेला जाएगा। यह भी पहली बार हो रहा है, जब वर्ल्ड कप का आयोजन तीन देशों में हो रहा है। इसके अलावा और भी नए रिकॉर्ड्स बनने वाले हैं, जिन पर एक नजर डालिए।

मेसी तोड़ेंगे वर्ल्ड कप का ऑलटाइम रिकॉर्ड? 

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का पिछले एडिशन में खिताबी सपना पूरा हुआ था। अब उनके पास वर्ल्ड कप का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है। दरअसल, वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के नाम है। मिरोस्लाव ने अपने करियर में 4 वर्ल्ड कप खेले और इस दौरान 24 मैचों में 16 गोल दागे। मेसी उन्हें पछाड़ने से 4 गोल दूर हैं। उन्होंने अब तक 26 वर्ल्ड कप मैचों में 13 गोल किए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 48 टीमें, 104 मैच... FIFA वर्ल्ड कप 2026 में क्या है खास? यहां जानिए हर डिटेल

FIFA वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल

  • मिरोस्लाव क्लोज (जर्मनी) - 16 गोल
  • रोनाल्डो (ब्राजील) - 15 गोल
  • गर्ड मुलर (वेस्ट जर्मनी) - 14 गोल
  • जस्ट फॉन्टेन (फ्रांस) - 13 गोल
  • लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) - 13 गोल
  • किलियन एमबापे (फ्रांस) - 12 गोल
  • पेले (ब्राजील) - 12 गोल

मेसी-रोनाल्डो रचेंगे इतिहास

मेसी और पुर्तगाली स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो इतिहास रचने जा रहे हैं। दोनों दिग्गजों का यह छठा वर्ल्ड कप होगा। टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी ने 6 एडिशन में हिस्सा नहीं लिया है। यानी मेसी और रोनाल्ड 6-6 वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने जा रहे हैं।

अर्जेंटीना के पास इतिहास बनाने का मौका

मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने 2022 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। वह तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बना। अब उसके पास इटली और जर्मनी के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका है। इटली और जर्मनी ने 4-4 वर्ल्ड कप जीते हैं। अर्जेंटीना अगर खिताब जीतने में कामयाब हो जाता है तो वह इटली-जर्मनी की बराबरी करने के साथ लगातार दो बार ट्रॉफी अपने नाम करने वाला तीसरा देश बन जाएगा। अब तक इटली (1934 और 1938) और ब्राजील (1958 और 1962) ही यह कारनामा कर पाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं एलेक्जेंडर ज्वेरेव, जिन्होंने जीता फ्रेंच ओपन का खिताब?

फ्रांस खेलेगा लगातार तीसरा फाइनल?

फ्रांस ने 2018 वर्ल्ड कप के फाइनल में क्रोएशिया को 4-2 से हराकर खिताब जीता था। इसके बाद उसने 2022 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी जगह बनाई लेकिन उसे अर्जेंटीना के हाथों पेनाल्टी शूट-आउट में हार का सामना करना पड़ा। अगर फ्रांस इस बार भी फाइनल में पहुंचता है, तो वह लगातार तीन खिताबी मुकाबला खेलने वाला तीसरा देश बनेगा। फिलहाल वेस्ट जर्मनी (1982, 1986, 1990) और ब्राजील (1994, 1998, 2002) के नाम लगातार तीन फाइनल खेलने का रिकॉर्ड है।