ईरान के FIFA वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। टीम ने अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला मिस्त्र से 1-1 से ड्रॉ खेला। इस कारण वह राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया। उसने ग्रुप-G में तीसरे स्थान पर फिनिश किया। अब उसे अगले राउंड में जाने के लिए दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
मिस्त्र ने सिएटल में इस नाटकीय ड्रॉ के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट में एंट्री ली। ईरान ने गोल करने के ज्यादा मौके बनाए। इनमें संभावित विजयी गोल भी शामिल था लेकिन उसे ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। अगर यह गोल मान्य होता तो ईरान नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर लेता। मैच के बाद ईरान की टीम ने सिएटल के लॉकर रूम में एक नोट छोड़ा, जिसमें फेयर प्ले का जिक्र किया है। उस नोट की तस्वीर तस्नीम न्यूज एजेंसी ने शेयर की है।
यह भी पढ़ें: केप वर्डे ने रचा इतिहास, वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश बना
'जीत नहीं सम्मान को अहमियत...'
ईरानी टीम ने उस नोट में लिखा है, 'हम ईरान से आए हैं... एक ऐसी जमीन जिसने हजारों सालों से जीत से ज्यादा सम्मान को अहमियत दी है। हमारे लिए फुटबॉल नतीजों के लिए सिर्फ एक कम्पटीशन नहीं है; यह कैरेक्टर का टेस्ट है। शायद कई तरीकों से पॉइंट्स जीते जा सकते हैं लेकिन सम्मान नहीं। शायद कोई टीम ग्रुप से आगे बढ़ सकती है लेकिन सिर्फ निष्पक्षता और सम्मान के जरिए ही कोई इतिहास के सामने गर्व से खड़ा हो सकता है।
नोट में आगे लिखा गया है, 'फेयर प्ले फुटबॉल के नियमों में सिर्फ एक लाइन नहीं है, यह इस खेल की आत्मा है। मेहमाननवाजी के लिए सिएटल का शुक्रिया और उन सभी ईरानियों को भी धन्यवाद, जिन्होंने ईरान के लिए अपना दिल, अपनी आवाज और अपना सब कुछ समर्पित कर दिया। ईरान हमेशा सीना ताने गर्व से खड़ा रहेगा।'
यह भी पढ़ें: अब हॉकी में पाकिस्तान ने किया सरेंडर, टीम इंडिया ने FIH प्रो लीग 7-1 से रौंदा
कैसा रहा मैच का हाल?
मिस्र ने पांचवें मिनट में महमूद साबेर के गोल से शुरुआती बढ़त हासिल की। लिवरपूल के पूर्व स्टार मोहम्मद सालाह ने बॉक्स के अंदर शानदार खेल दिखाया, जिसके बाद साबेर ने ईरान के गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवंद के पैरों के बीच से शॉट मारकर गोल कर दिया। ईरान ने 9 मिनट बाद रामिन रेजेयान के गोल से मैच को बराबरी पर ला दिया। उसने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में विजयी गोल कर दिया था, जब शोजा खलीलजादेह ने गोल में शॉट लगाया लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद उसे ऑफसाइड करार दिया गया।


