साउथ अफ्रीका FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पहुंच गया है। उसने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर पहली बार फुटबॉल के महाकुंभ के नॉकआउट राउंड में जगह बनाई। मैक्सिको के एस्तादियो मोंटेरे स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की ओर से थापेलो मासेको ने 63वें मिनट में गोल दागा, जो निर्णायक साबित हुआ। साउथ अफ्रीका ने ग्रुप-ए में दूसरे पायदान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में एंट्री ली। 3 मैचों में उसने 4 पॉइंट्स हासिल किए।
जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने वाली दक्षिण कोरिया की टीम ने ग्रुप-ए में नंबर-3 पर फिनिश किया। उसने चेक रिपब्लिक को हराकर अपने अभियान का अच्छा आगाज किया था लेकिन अगले दो मुकाबलों में उसे पहले मैक्सिको और अब साउथ अफ्रीका ने मात दे दी, जिससे वह 4 पॉइंट्स पर ही रह गया। दक्षिण कोरिया के पास अभी भी नॉकआउट में जाने का मौका है। इस बार तीसरे नंबर पर रहने वाली टॉप-8 टीमों को राउंड ऑफ 32 में जगह मिलने वाली है।
यह भी पढ़ें: ईरान को नहीं हरा सका कोई, FIFA वर्ल्ड कप में बाकी एशियन टीमों का क्या हाल है?
कनाडा भी पहली बार नॉकआउट राउंड में पहुंचा
टूर्नामेंट की सह-मेजबान कनाडा को स्विट्जरलैंड के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस हार के बावजूद कनाडा राउंड ऑफ 32 में पहुंचने में सफल रहा। उसने भी पहली बार नॉकआउट राउंड में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड ने ग्रुप-B में टॉप पर रहते हुए अगले राउंड में एंट्री ली है। उसकी ओर से रुबेन वर्गास और योहान मंजांबी ने गोल दागे। कनाडा के लिए प्रॉमिस डेविड ने मैच के आखिर में एक गोल किया।
ग्रुप-बी से बोस्निया-हर्जेगोविना ने भी नॉकआउट राउंड का टिकट कटा लिया है। एर्मिन महमिक के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उसने कतर को 3-1 से शिकस्त देकर ग्रुप-B में तीसरा स्थान हासिल किया और अगले राउंड में जगह बना ली।
यह भी पढ़ें: 'साफ-साफ जवाब दो, नहीं तो कानूनी...' मनिका बत्रा ने TT फेडरेशन को दी धमकी
ये टीमें भी नॉकआउट में पहुंचीं
ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर ग्रुप-C में टॉप स्थान हासिल किया और शान से राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई है। विनीसियस जूनियर ने एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2 गोल दागे। मैथियस कुन्हा ने 1 गोल किया। मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर नॉकआउट राउंड में प्रवेश किया।


