भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर के तौर पर अजित अगरकर का कार्यकाल मंगलवार को खत्म हो गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सेलेक्शन कमेटी में एक पद के लिए आवेदन भी मंगा लिए हैं। इसका मतलब है कि अब अजित अगरकर के नाम पर विचार नहीं होना है। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने लिखा है कि 3 ICC ट्रॉफी अजित अगरकर के समर्पण का सबूत हैं। उन्होंने अगरकर की तारीफ की है कि वह हमेशा टीम को आगे रखते रहे। फिलहाल, प्रज्ञान ओझा कार्यकारी चीफ सेलेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं लेकिन नए चीफ सेलेक्टर की तलाश तेज कर दी गई है।
अजित अगरकर साल 2023 में भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर बने थे। 2023 से 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम ने 2024 और 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के साथ-साथ 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती। गौतम गंभीर इन्हीं तीन ट्रॉफी का जिक्र कर रहे हैं। इसके अलावा, अजित अगरकर के कार्यकाल में ही भारतीय टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भी गई लेकिन वहां उसे हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: 'BCCI का स्पष्ट आदेश, यह हितों का टकराव नहीं', DC का कोच बनने पर बोले गांगुली
गौतम गंभीर ने क्या लिखा?
गौतम गंभीर ने अपने X प्रोफाइल पर लिखा है, 'प्रिय अजित भाई, आपके साथ काम करना सम्मान की बात है। ये 3 ICC ट्रॉफी आपके समपर्ण का सबूत हैं। टीम फर्स्ट और टीम आगे हमेशा। मैं यह जरूर कहूंगा कि इतिहास आप के प्रति दयालु होगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।'
यह भी बता दें कि अजित अगरकर के चीफ सेलेक्टर बनने के बाद ही गौतम गंभीर को भी भारतीय टीम का हेड कोच बनाया गया था। जुलाई 2024 में भारतीय टीम के कोच बने गौतम गंभीर का कार्यकाल वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक होने वाला है।
यह भी पढ़ें: टीम में गुटबाजी, अनबन... हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने की वजहें क्या हैं?
खिलाड़ी के तौर पर कैसा रहा अजित अगरकर का करियर?
तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर रहे अजित अगरकर अब लगभग 49 साल के हो गए हैं। उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम के लिए 1999 में डेब्यू किया था और कुल 26 टेस्ट खेले। इन टेस्ट मैचों में अजित अगरकर ने कुल 58 विकेट लिए। कुल 191 वनडे मैचों में 288 विकेट लेने वाले अजित अगरकर ने भारत के लिए सिर्फ 4 टी20 मैच खेले। इन मैचों में उन्हें कुल 3 विकेट मिले।
