हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पीआर श्रीजेश के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि उन्हें पद से हटाया नहीं गया है, बल्कि उनका कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो गया था। नए कोच का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट और जूनियर वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारत की अंडर-21 टीम के कोच रहे श्रीजेश ने सोशल मीडिया पर हॉकी इंडिया को आड़े हाथों लेते हुए बुधवार (13 मई) को कहा कि विदेशी कोचों को तरजीह देने के लिए उनका कॉन्ट्रैक्ट नहीं बढ़ाया गया। 

 

श्रीजेश ने अपने X हैंडल पर लिखा, 'मैंने सुना है कि खराब प्रदर्शन के बाद कोचों को हटाया जाता है लेकिन पहली बार विदेशी कोच की नियुक्ति के लिए मुझे हटाया जा रहा है।' देश के दिग्गज गोलकीपर के आरोपों पर हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में टिर्की ने कहा, 'पीआर श्रीजेश का कोचिंग कार्यकाल दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था। इसके बाद प्रोटोकॉल का पालन करके पद के लिए विज्ञापन दिया गया और कुछ नाम चुने गए। उचित चयन प्रक्रिया का पालन करके चयन किया गया है। प्रक्रिया के बाद एक योग्य कोच का चयन किया गया है जिसके नाम की घोषणा जल्दी ही की जाएगी।'

 

यह भी पढ़ें: रायपुर में RCB ने चुनी बॉलिंग... शेफर्ड को किया बाहर, KKR भी 1 बदलाव के साथ उतरी

डेवलपमेंट टीम का कोच बनने का दिया गया ऑफर  

टिर्की ने कहा, 'हमने श्रीजेश को हटाया नहीं है, बल्कि उन्हें डेवलपमेंट टीम (भारत ए) का कोच बनने की पेशकश की गई थी, जो लॉस एंजिलिस ओलंपिक और अगले ओलंपिक साइकल के लिए अहम है। उन्होंने इसे ठुकरा दिया और फैसले पर पुनर्विचार करने के अनुरोध पर भी नहीं माने।' बयान में आगे कहा गया है, 'उनसे यह कभी कहा नहीं गया था कि मुख्य कोच जूनियर टीम के लिए भी विदेशी कोच चाहते हैं। हम सभी मिलकर 2036 ओलंपिक का मार्ग प्रशस्त करने के सरकार के विजन की ओर मिलकर काम कर रहे हैं और इसके लिए हमारे भारतीय कोचों को तैयार करना अहम है।'

 

यह भी पढ़ें: फ्लॉप हुआ पाकिस्तानी बल्लेबाज, शुभमन गिल को फायदा; टेस्ट रैंकिंग में लगाई छलांग

 

टिर्की ने कहा, 'जमीनी स्तर के और देशी कोचों का विकास एक नेशनल फेडरेशन के तौर पर हमेशा हॉकी इंडिया के लिये सर्वोपरि रहा है। हॉकी इंडिया के कोचिंग कार्यक्रम के तहत अब तक हमने 600 भारतीय कोचों को सर्टिफिकेशन दिए हैं।' उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, 'हॉकी इंडिया भारतीय हॉकी के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और सारे फैसले इसी को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। हम पीआर श्रीजेश को खेल का लिजेंड मानते हैं और भविष्य में उनकी सफलता की कामना करते हैं।'