जापान के आइची-नागोया में शनिवार को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपना खिताब बचा लिया। भारत ने कड़े मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर तीसरा स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भारत ने हांग्जो एशियन गेम्स में भी महिला कबड्डी में गोल्ड जीता था और इस बार भी अपनी बादशाहत कायम रखी।
मुकाबले के आखिरी मिनटों में मैच बेहद रोमांचक हो गया था, जब ईरान की टीम वापसी की कोशिश में जुटी थी। भारतीय डिफेंस ने आखिरी मिनट में ईरानी खिलाड़ी ऐनाज पर जबरदस्त टैकल करते हुए मैच को अपने पक्ष में पूरी तरह पलट दिया। इसी के दम पर भारत ने 37-34 से जीत दर्ज कर एक और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: पोल वॉल्ट में पहला मेडल जीतने वालीं बारानिका इलांगोवन कौन हैं?
संजू देवी की वजह से पलट गया मैच?
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाली संजू देवी ने फाइनल में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ईरान की चुनौती को नाकाम करने में टीम का साथ दिया। भारतीय महिला टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगाटे, पुष्पा, भावना देवी, ऋतु, संजू देवी, ऋतु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल थीं।
कब-कब भारत की महिला टीम ने एशियन गेम्स में दिखाया जलवा?
- 2010: भारत ने थाईलैंड को 28-14 से हराया
- 2014: भारत ने ईरान को 31-21 से हराया
- 2018: भारत ने ईरान को 27-24 से हराया
- 2022: भारत ने चीनी ताइपे को 26-25 से हराया
- 2026: भारत ने ईरान को 37-34 से हराया
भार की मेडल टैली कहां पहुंची?
भारत के पदकों की संख्या 27 हो गई है, जिसमें तीन स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। इस समय तक भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम भी शनिवार को ईरान के खिलाफ स्वर्ण पदक मुकाबले में उतरेगी।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: वुशू में गोल्ड जीतने से चूकीं रोशिबिना, सिल्वर से करना पड़ा संतोष
बाकी खेलों में भी भारत का जलवा
शनिवार को भारत के लिए कई और अच्छी खबरें भी आईं। पुरुषों की मैराथन में सावन बरवाल ने 2:11:37 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ रजत पदक जीता। इसी के साथ भारत का एशियन गेम्स मैराथन में 44 साल का पदक सूखा भी खत्म हुआ। निशानेबाजी में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्षा विनोद की टीम ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। हालांकि व्यक्तिगत फाइनल में तिलोत्तमा चौथे और विदर्षा पांचवें स्थान पर रहीं। स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में हॉन्ग कॉन्ग की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 मेडल टैली: मीराबाई ने दिलाया सिल्वर लेकिन भारत टॉप-10 से बाहर
तीरंदाजी और बैडमिंटन में भी अच्छा प्रदर्शन
तीरंदाजी में धीरज बोम्मदेवरा ने पुरुषों की रिकर्व क्वालिफिकेशन में 698 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया और एशियाई तथा राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। महिलाओं की कंपाउंड क्वालिफिकेशन में चिकिता तानीपर्थी ने 705 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पाया। बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की वोंग लिंग चाइना को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं एथलेटिक्स में अनिमेष कुजूर पुरुषों की 200 मीटर हीट में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचे। तलवारबाजी में भारत की महिला फॉयल टीम ने इंडोनेशिया को 45-24 से और पुरुष सेबर टीम ने फिलीपींस को 45-27 से हराया, लेकिन दोनों टीमों को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
