अफगानिस्तान के खिलाफ लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने शतक जड़ दिया है। ओपनिंग के बजाय नंबर-3 पर उतरे शुभमन ने 77 गेंद में अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 9वां और बतौर कप्तान पहला शतक रहा। यशस्वी जायसवाल (4) के दूसरे ही ओवर में आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे शुभमन ने रोहित शर्मा (48) के साथ मिलकर भारत को शुरुआती झटके से उबारा और फिर ईशान संग मिलकर अफगानिस्तान की हालत खराब कर दी है।
शुभमन के शतक लगाने के कुछ ही देर बाद ईशान ने 71 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। भारतीय वनडे टीम में वापसी कर रहे इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 52 गेंद में अर्धशतक लगाया था। इसके बाद उन्होंने गियर बदला और 50 से 100 रन की दूरी महज 16 गेंद में तय कर ली। ईशान का टीम इंडिया के लिए यह दूसरा वनडे शतक रहा। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में 210 रन की यादगार पारी खेली। इसके बाद ईशान की यह पहली ODI सेंचुरी है।
यह भी पढ़ें: प्रियांश, तिलक और कुशाग्र की फिफ्टी, IND-A ने AFG-A को दिया 320 रन का टारगेट
भारत ने 36वें ओवर में पार किया 300 का आंकड़ा
शुभमन और ईशान की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने 35.5 ओवर में 300 रन का आंकड़ा छू लिया। वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहले बैटिंग करते हुए किसी टीम का यह चौथा सबसे तेज 300 रन रहा। इंग्लैंड ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 33.1 ओवर में इस आंकडे़ को पार किया था। भारतीय टीम 2009 में श्रीलंका के खिलाफ 34.1 ओवर और 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 35.4 ओवर में 300 रन तक पहुंची थी। शुभमन-ईशान की विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम इंडिया ने अब तीसरी बार 36 ओवर के अंदर 300 रन बना दिए हैं।
ODI में पहले बैटिंग करते हुए सबसे कम ओवर में 300 रन
- इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया - 33.1 ओवर, नॉटिंघम, 2018
- भारत बनाम श्रीलंका - 34.1 ओवर, राजकोट, 2009
- भारत बनाम बांग्लादेश - 35.4 ओवर, चटगांव, 2022
- भारत बनाम अफगानिस्तान - 35.5 ओवर, लखनऊ, 2026
यह भी पढ़ें: जीरो पर मिला जीवनदान... फिर भी फ्लॉप हुए वैभव सूर्यवंशी, ट्राई सीरीज ने खोली पोल
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
अफगानिस्तान - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेयाला खरोटे, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम, बिलाल सामी
