टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी से पूरी तरह से उबर गए हैं। अब उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार (20 जून) को चेन्नई में होने वाले तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मैच से एक दिन पहले जानकारी दी कि हर्षित ने बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना रिहैब पूरा कर लिया है और वह चेन्नई में टीम के साथ जुड़ गए हैं।

टी20 वर्ल्ड कप और IPL से बाहर रहे थे हर्षित

24 साल के हर्षित इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल हो गए थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह टी20 वर्ल्ड कप और IPL 2026 से बाहर हो गए थे। हर्षित को सर्जरी से गुजरना पड़ा। अब वह पूरी तरह से फिट होकर टीम इंडिया में लौट आए हैं। इससे पहले उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भी भारतीय टी20 में शामिल किया गया था। भारतीय टीम का यह दौरा 26 जून से शुरू हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: बिना इंटरनेशनल मैच खेले ही RCB स्टार की टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री, आखिर क्यों?

भारत सीरीज में 2-0 से आगे

भारत ने अफगानिस्तान को धर्मशाला और लखनऊ वनडे में एकतरफा अंदाज में हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब उसकी निगाहें क्लीन स्वीप करने पर है। इस सीरीज में तेज गेंदबाजी युनिट की अगुवाई अर्शदीप सिंह कर रहे हैं। उन्हें गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव का साथ मिल रहा है।

 

नीतीश कुमार रेड्डी क्वाड इंजरी के चलते लखनऊ में नहीं खेल सके थे। इस कारण भारत को 5 गेंदबाजों के साथ उतरना पड़ा था। एहतियात के तौर पर उन्हें तीसरे वनडे से भी आराम दिया जा सकता है। हर्षित के टीम में आने के बाद पेस बॉलिंग ऑलराउंडर की कमी नहीं खलेगी।

 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा, KL राहुल या अय्यर... ईशान किशन के उदय से किसे खतरा है?

 

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल, हर्षित राणा