ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में नेपाल को रौंदने के बाद भारतीय टीम के सामने अब पाकिस्तान की चुनौती है। टीम इंडिया की तरह पाकिस्तान ने भी जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरूआत की है। ऐसे में दोनों टीमें अपनी लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबाला कतर की राजधानी दोहा में रविवार (22 नवंबर) को खेला जाएगा।

 

तिलक वर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी थी। भारत ने नेपाल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट पर 332 रन बनाए थे और इसके बाद उसकी पूरी टीम को 11.3 ओवर में महज 26 रन पर समेट दिया था। वहीं गत चैंपियन पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 61 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की।

 

यह भी पढ़ें: 'भारतवंशी' निखिल चौधरी ने अंग्रेजों के उड़ाए तोते, ऑस्ट्रेलिया की रोमांचक जीत 

भारतीय टीम में हैं बड़े नाम

नेपाल के खिलाफ विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (117) और कप्तान तिलक (107) ने शतक जड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने 5 और हर्षित राणा ने 4 विकेट लेकर नेपाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारतीय टीम में इंटरनेशनल लेवल पर खेल चुके कई खिलाड़ी शामिल हैं लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ भारत को कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। 

 

भारत की बैटिंग यूनिट में आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी , रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं जो टीम को काफी मजबूती देते हैं।

 

यह भी पढ़ें: वीडियो देखे... नेट्स में पसीना बहाया, न्यूजीलैंड में शतक लगाने के बाद बोले राहुल

पाकिस्तान के पास कौन-कौन है?

अब्दुल समद की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम भी UAE के खिलाफ अपने पहले मैच में किए गए प्रदर्शन से उत्साहित होगी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245 रन बनाए और फिर UAE को 184 रन पर आउट कर दिया। शमिल हुसैन (62) और माज सदाकत (53) ने बल्लेबाजी में अहम योगदान दिया, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर सुफियान मुकीम और तेज गेंदबाज अली रजा ने 3-3 विकेट लिए। UAE के खिलाफ 39 रन बनाने वाले समद के अलावा हुसैन, सदाकत और तेज गेंदबाज मोहम्मद हसनैन पाकिस्तान के अहम खिलाड़ियों में शामिल होंगे। 

 

पाकिस्तान मौजूदा 50 ओवर के टूर्नामेंट का चैंपियन है। उसने 2023 के फाइनल में भारत को 128 रन से हराया था। इससे रविवार के मुकाबले का महत्व और बढ़ गया है।

मैच कब शुरू होगा?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार, दोपहार 3:30 बजे से खेला जाएगा। इसके आधे घंटे पहले टॉस का सिक्का उछलेगा। बता दें कि 8 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में सभी टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारतीय की टीम अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला 24 नवंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी।