भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला शुक्रवार (10 अक्टूबर) से शुरू हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय कप्तान शुभमन गिल के हक में सिक्का गिरा और उन्होंने पहले बैटिंग करने का फैसला किया। इसके साथ ही शुभमन का लगातार टॉस हारने का सिलसिला टूट गया है। दरअसल, वह जब से टेस्ट टीम के कप्तान बने हैं, उन्होंने पहली बार टॉस जीता है।

 

शुभमन को इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट टीम की कमान मिली थी। वह इंग्लैंड में 5 टेस्ट मैचों में एक बार भी टॉस नहीं जीत सके थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में भी उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिला। यहां दिल्ली में जैसे ही सिक्का उनके पक्ष में गिरा हेड कोच गौतम गंभीर खिल-खिलाकर हंस पड़े। गंभीर के साथ रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह का भी रिएक्शन वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में जहां होंगे ODI मैच, वहां RO-KO का रिकॉर्ड कैसा है?

शुभमन के नाम हो जाता अनचाहा रिकॉर्ड

शुभमन गिल ने बतौर कप्तान अपने सातवें टेस्ट मैच में टॉस जीतकर अनचाहा रिकॉर्ड से खुद को बचा लिया है। दरअसल, टॉस जीतने से पहले सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने का अनचाहा रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के बेवन कॉन्गडन के नाम दर्ज है। उन्होंने बिना टॉस जीते 7 टेस्ट मैचों में कप्तानी की थी। अगर आज शुभमन टॉस नहीं जीतते तो वह बेवन कॉन्गडन की बराबरी कर लेते।

टॉस जीतने से पहले सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी

  • बेवन कॉन्गडन (न्यूजीलैंड) - 7 टेस्ट मैच
  • टॉम लैथम (न्यूजीलैंड) - 6 टेस्ट मैच
  • शुभमन गिल (भारत) - 6 टेस्ट मैच

यह भी पढ़ें: रोहित-विराट कहीं नहीं जा रहे... वनडे कप्तान शुभमन गिल ने किया कन्फर्म

शुभमन ने कहा जिम्मेदारी बढ़ गई

शुभमन को टेस्ट के साथ अब वनडे टीम की भी कप्तानी सौंप दी गई है। उन्होंने टॉस के समय पिच और बाकी चीजों पर बात की। शुभमन ने कहा, 'विकेट अच्छा लग रहा है। हम रनों का अंबार लगाना चाहते हैं। लगातार अच्छा प्रदर्शन करना और उसे बरकरार रखना जरूरी है। कप्तानी ने मुझे ज्यादा नहीं बदला है, अब जिम्मेदारियां ज्यादा हैं, मुझे ये पसंद है। मेरे लिए आगे का समय बहुत शानदार रहने वाला है।'

 

भारतीय टीम दिल्ली टेस्ट में बिना किसी बदलाव के उतरी है। वहीं वेस्टइंडीज ने दो बदलाव किए हैं। ब्रैंडन किंग और जोहान लेने की जगह टेविन इलाइच और एंडरसन फिलिप आए हैं।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

 

भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज

 

वेस्टइंडीज - तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्बेल, एलिक एथेनेज, शाई होप, रोस्टन चेज (कप्तान), टेविन इमलाइच (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वॉर्रिकन, खैरी पियरे, एंडरसन फिलिफ, जेडन सील्स