हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय मेंस टीम ने अपने अभियान का आगाज जोरदार अंदाज में किया है। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने शनिवार (15 अगस्त) को टूर्नामेंट के पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हरा दिया। टीम के 'सरपंच' हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। 

 

नीदरलैंड्स के वेगनर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में ही 2 गोल दागकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। वेल्स ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हर हमले को नाकाम किया। वेल्स ने एकमात्र गोल चौथे और आखिरी क्वार्टर में किया।

 

यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग ने दिए हैं आधा दर्जन IPL खिलाड़ी, विशाल निषाद तक की चमकी किसमत

संजय ने दागा पहला गोल

भारतीय टीम ने मुकाबले में आक्रामक शुरुआत की। आठवें मिनट में संजय राणा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके 3 मिनट बाद ही हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 की कर दी। दूसरा क्वार्टर गोलरहित रहा। वेल्स ने भारतीय गोलपोस्ट पर हमले किए लेकिन वह गोल दागने में कामयाब नहीं हुआ। तीसरे क्वार्टर में भारत ने अतिम मिनटों में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे हरमनप्रीत ने गोल में तब्दील कर भारत की जीत लगभग पक्की कर दी। 

 

चौथे क्वार्टर में वेल्स ने वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किया लेकिन भारत के मजबूत डिफेंस ने हर खतरे को टाला। 55वें मिनट में वेल्स ने गोल करने के बाद दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन भारत ने संयम बनाए रखा और उसे दूसरे गोल का मौका नहीं दिया।

 

यह भी पढ़ें: नंबर-3 पर दो साल का सूखा खत्म... देवदत्त पडिक्कल ने गॉल टेस्ट में जड़ा शतक

कब है भारत-पाकिस्तान मैच?

हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का अगला मैच इंग्लैंड से है। यह मुकाबला 17 अगस्त को वेगनर स्टेडियम में ही खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया की टक्कर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगी। 19 अगस्त को यह हाई-वोल्टेज मैच शाम 6:30 से बजे से खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है।