भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी। पहले वनडे सीरीज का आयोजन होगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से टी20 सीरीज खेली जाएगी। इन दोनों सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान बुधवार (16 सितंबर) को किया जाएगा। सेलेक्शन कमिटी सीनियर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को वनडे टीम में शामिल कर सकती है।
हार्दिक ने IPL 2026 के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। हार्दिक पूरी तरह से फिट हो गए हैं लेकिन सेलेक्शन कमिटी को यह तय करना होगा कि वह वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हैं या नहीं। वनडे टीम के लिए ऋषभ पंत के नाम पर भी चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि टी20 सीरीज के लिए वही टीम चुनी जाएगी, जो एशियन गेम्स में भाग लेगी। सेलेक्शन कमिटी को वनडे टीम का चयन करते समय माथापच्ची करनी पड़ सकती है।
सेलेक्शन कमिटी की मीटिंग दिल्ली में होगी, जिसमें चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के भी शामिल होने की संभावना है। इस मीटिंग में टीम सेलेक्शन के अलावा अगरकर के भविष्य पर भी फैसला होगा। अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट अक्टूबर में खत्म हो रहा है। वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारियों के साथ चर्च करेंगे कि उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027 वर्ल्ड कप तक बढ़ाया जा या नहीं।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज में एक्सपोज हुई टीम इंडिया, क्या है श्रेयस की परेशानी?
हार्दिक उपलब्ध नहीं रहे तो आएगी समस्या
32 साल के हार्दिक अगर उपलब्ध नहीं होते हैं तो सेलेक्शन कमिटी के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर्स की कमी समस्या बन जाएगी। दूसरा विकल्प नीतीश कुमार रेड्डी वनडे सीरीज के दौरान एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए जापान में होंगे। तीसरे और चौथे विकल्प सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर फिलहाल चोटिल हैं।
IPL में पंत के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें टेस्ट उप-कप्तानी गंवानी पड़ी और वनडे टीम में भी जगह नहीं मिली लेकिन ईशान किशन के जापान में होने के कारण बाएं हाथ के इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज को 15 सदस्यीय टीम में मौका मिल सकता है। उनका चयन होने पर भी केएल राहुल वनडे विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद रहेंगे।
श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में राहुल को वनडे टीम का उप-कप्तान भी नियुक्त किया जा सकता है। अगर पंत को मौका नहीं मिलता है तो सेलेक्टर्स ध्रुव जुरेल को चुन सकते हैं। ऐसे में पंत को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करने को कहा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: पेरिस ओलंपिक में चोट ने छीना मेडल, अब एशियन गेम्स में चमकेगी निशा दहिया किस्मत?
ऋतुराज को भी मिल सकता है मौका
श्रेयस के एशियन गेम्स में शामिल होने के कारण कप्तान शुभमन गिल , रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद ऋतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल रिजर्व ओपनर होंगे, जबकि मध्य क्रम के रिजर्व बल्लेबाज रजत पाटीदार होंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद गायकवाड़ और पाटीदार दोनों का ही भारत ए की तरफ से खेलने की संभावना है। गायकवाड़ को इसके लिए कप्तान बनाया जा सकता है।
जडेजा की वापसी तय
इंग्लैंड में वनडे सीरीज के लिए नहीं चुने गए रवींद्र जडेजा को वापस टीम में बुलाया जा सकता है, क्योंकि हर्ष दुबे हाल ही में दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। हर्ष दुबे और अक्षर पटेल को वनडे के लिए बाएं हाथ के स्पिनरों के तौर पर देखा जा रहा था लेकिन उनकी अनुपस्थिति में सेलेक्टर्स जडेजा को टीम में शामिल कर सकते हैं। मानव सुथार के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।
अक्षर एशियन गेम्स में खेलेंगे। अगर चोटिल वरुण चक्रवर्ती एशियन गेम्स में नहीं खेल पाते हैं और कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया जाता है, तो सेलेक्टर्स के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। फिर उन्हें कलाई के स्पिनर की जरूरत पड़ने पर विपराज निगम या जीशान अंसारी जैसे गेंदबाजों का सहारा लेना पड़ेगा।
सिराज वनडे टीम में लौटेंगे?
मोहम्मद सिराज इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन उनकी वापसी होने की संभावना है। तेज गेंदबाजी विभाग में गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव पिछली सीरीज का हिस्सा थे। जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स में व्यस्त होने के कारण उपलब्ध नहीं होंगे। फिलहाल मोहम्मद शमी और युजवेंद्र चहल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में मौका मिलने की संभावना बहुत कम है।
