भारत और अफगानिस्तान के बीच आज (13 जून) तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाना है। टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में है, जबकि अफगानिस्तान की कप्तानी हशमतुल्लाह शहीदी करेंगे। दोनों टीमें पहली बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज में आमने-सामने है। इससे पहले वनडे फॉर्मेट में एशिया कप और वर्ल्ड कप में ही भारत-अफगानिस्तान की टक्कर हुई है, जिसमें टीम इंडिया ने 3 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है।

 

अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में रोहित शर्मा पर नजरें रहेंगी। रोहित वनडे सीरीज से ठीक पहले फिट घोषित हुए हैं। वह IPL 2026 में हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए थे। 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उनके लिए यह सीरीज अहम है। रोहित बड़ी पारी की तलाश में उतरेंगे। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या चोट के चलते इस सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में रोहित पर अतिरिक्त जिम्मेदारी रहेगी।

 

यह भी पढ़ें: केन विलियमसन ने लिया संन्यास, 16 साल का इंटरनेशनल करियर हुआ खत्म

प्रिंस या गुरनूर का डेब्यू

IPL 2026 में अपनी धारदार गेंदबाजी से सुर्खियों में आए युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को वनडे डेब्यू कैप सौंपी जा सकती है। प्रिंस ने पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी में भी दिल्ली के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उनका प्लेइंग-XI में तीसरे तेज गेंदबाज के स्लॉट के लिए गुरनूर बराड़ से मुकाबला है। पंजाब के लंबे कद के पेसर गुरनूर को अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए चुना गया था। हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। इस मुकाबले के जरिए वह अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: मशहूर शूटर और मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन

मोबाइल पर कहां दिखेगा IND vs AFG मैच?

भारत-अफगानिस्तान के बीच मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। मोबाइल पर इस मुकाबले का लुत्फ उठाने के लिए जियोहॉटस्टार ऐप्प पर जाना होगा। जियोहॉटस्टार के वेबसाइट पर भी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

भारत - शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव/गुरनूर बराड़

 

अफगानिस्तान - इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, इकरम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम, एएम गजनफर, जियाउर रहमान