ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग थ्रीलर रहा, जिसमें टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 तक पहुंची। जैकेब बेथेल (105) की आतिशी पारी ने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी थी लेकिन जसप्रीत बुमराह ने 16वां और 18वां ओवर कीफायती डाल टीम इंडिया की नैया पार लगा दी। इस मुकाबले में अक्षर पटेल की फील्डिंग ने भी बड़ा अंतर पैदा किया।
अक्षर ने इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक का पीछे भागते हुए कैच लपकने के बाद विल जैक्स के विकेट में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बाउंड्री लाइन पर करिश्माई फील्डिंग करते हुए विल जैक्स का कैच लपक लिया था, जब उन्हें लगा कि उनके शरीर का बैलेंस बिगड़ रहा है, तब उन्होंने गेंद शिवम दुबे की ओर उछाल दी और जैक्स की पारी पर विराम लगाया।
इससे पहले संजू सैमसन की 42 गेंद में 89 रन की पारी की बदौलत भारत ने विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू के अलावा ईशान किशन (18 गेंद में 39 रन), शिवम दुबे (25 गेंद में 43 रन), हार्दिक पंड्या (12 गेंद में 27 रन) और तिलक वर्मा (7 गेंद में 21 रन) ने भी बहुमूल्य रन जुटाए।
भारत बनाम इंग्लैंड, लाइव अपडेट:-
Live Updates
2026-03-05T22:52
टीम इंडिया की फाइनल में एंट्री
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। 254 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम जैकब बेथेल के शतक के बावजूद 246 रन तक ही पहुंच सकी। मुकाबला हाथ से निकलने के बाद जोफ्रा आर्चर ने आखिरी तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े, जिससे हार का अंतर कम रहा। भारतीय टीम अब फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
2026-03-05T22:47
बेथेल OUT
जैकब बेथेल आखिरी ओवर की पहली गेंद पर 2 रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए हैं। अब मुकाबला भारत की झोली में है।
2026-03-05T22:44
इंग्लैंड को आखिरी ओवर में चाहिए 30 रन
हार्दिक पंड्या ने 19वें ओवर में सिर्फ 9 रन खर्चे और सैम करन का विकेट भी निकाला। अब इंग्लैंड को आखिरी ओवर में 30 रन बनाने हैं। शिवम दुबे को बॉलिंग दी गई है।
2026-03-05T22:41
इंग्लैंड का छठा विकेट गिरा
हार्दिक पंड्या ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर सैम करन को डीप मिडविकेट पर तिलक वर्मा के हाथों लपकवा दिया है।
2026-03-05T22:38
जैकब बेथेल ने ठोका शतक
22 साल के जैकब बेथेल ने 45 गेंद में शतक ठोक दिया है। बेथेल ने हार्दिक पंड्या के खिलाफ 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपनी सेंचुरी पूरी की। इंग्लैंड को 11 गेंद में 33 रन की दरकार है।
2026-03-05T22:32
जैकब बेथेल छीनेंगे टीम इंडिया से मैच?
जैकब बेथेल ने सैम करन के साथ मिलकर मोर्चा संभाल रखा है। वह 94 पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड को आखिरी 3 ओवर में 45 रन की जरूरत है।
2026-03-05T22:13
अक्षर पटेल की करिश्माई फील्डिंग ने पलट दिया मैच
भारतीय टीम के उप-कप्तान अक्षर पटेल ने बाउंड्री लाइन पर करिश्माई फील्डिंग कर मैच का रुख मोड़ दिया है। विल जैक्स ने अर्शदीप सिंह की बाहर की फुल टॉस गेंद पर बल्ला चलाया, जिस पर संपर्क अच्छा नहीं हुआ और गेंद कवर-पॉइंट की दिशा में टंग गई। अक्षर ने स्वीपर कवर से बाईं ओर भागते हुए गेंद को दोनों हाथों से लपका और जब लगा कि बैलेंस बिगड़ रहा है तो उन्होंने गेंद शिवम दुबे की ओर उछाल दी। भारत को पांचवा विकेट मिल गया है। जैक्स 20 गेंद में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इंग्लैंड को अब आखिरी 6 ओवर में 82 रन बनाने हैं।
2026-03-05T21:54
जैकब बेथेल की फिफ्टी
इंग्लैंड लगातार अंतराल पर विकेट गंवा रहा है लेकिन जैकब बेथेल एक छोर से चौके-छक्कों की बारिश कर रहे हैं। बेथेल ने 19 गेंद में फिफ्टी ठोक दी है। 11 ओवर की समाप्ति पर इंग्लैंड का स्कोर 131/4 है। उसे जीत के लिए आखिरी 9 ओवर में 123 रन बनाने हैं।
2026-03-05T21:40
अक्षर पटेल ने इंग्लैंड को दिया चौथा झटका
अक्षर पटेल ने लगातार दो छक्के खाने के बाद टॉम बैंटन को क्लीन बोल्ड कर दिया है। इंग्लैंड को 95 के स्कोर पर चौथा झटका लगा है। विल जैक्स नंबर-6 पर आए हैं।
2026-03-05T21:33
वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को किया क्लीन बोल्ड
जैकब बेथेल ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में वरुण चक्रवर्ती का स्वागत लगातार तीन छक्कों के साथ किया था लेकिन वरुण ने जोस बटलर का विकेट लेकर हिसाब बराबर कर दिया। वरुण ने बटलर को क्लीन बोल्ड किया। बटलर 17 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। 64 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा है। टॉम बैंटन क्रीज पर आए हैं।
2026-03-05T21:23
इंग्लैंड का गिरा दूसरा विकेट
इंग्लैंड का दूसरा विकेट 4.1 ओवर में 38 रन के स्कोर पर गिरा। जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक को आउट किया। ब्रूक का कैच अक्षर पटेल ने शानदार अंदाज में हवा में उछलकर पकड़ा। हैरी ब्रूक 6 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
2026-03-05T21:07
हार्दिक पंड्या ने पहली गेंद पर झटका विकेट
दूसरा ओवर लेकर आए हार्दिक पंड्या ने पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट का विकेट झटक लिया है। पूरा वानखेड़े स्टेडियम झूम उठा है। सॉल्ट 5 रन बनाकर चलते बने। कप्तान हैरी ब्रूक बैटिंग करने आए हैं।
2026-03-05T21:03
इंग्लैंड ने पहले ओवर में बनाए 13 रन
इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतर चुकी है। जोस बटलर और फिल सॉल्ट ने पहले ओवर में 13 रन बना लिए हैं।
2026-03-05T20:47
भारत ने इंग्लैंड को दिया 254 रन का टारगेट
टीम इंडिया ने पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का स्कोर खड़ा किया है। हार्दिक पंड्या ने आखिरी ओवर में रन आउट होने से पहले 12 गेंद में 27 रन बटोरे। वहीं तिलक वर्मा 7 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले संजू सैमसन ने 42 गेंद में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 89 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने 18 गेंद में 39 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं शिवम दुबे ने 25 गेंद में 1 चौका और 4 छक्के उड़ाते हुए 43 रन जड़े।
2026-03-05T20:35
शिवम दुबे हुए रन आउट
हैरी ब्रूक के डायरेक्ट हिट पर शिवम दुबे रन आउट हो गए हैं। उन्होंने 25 गेंद में 43 रन जड़े। 212 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा है। 15 गेंद का खेल बाकी है। देखना होगा कि हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा टीम इंडिया को कहां तक पहुंचा पाते हैं।
2026-03-05T20:24
सूर्या 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे
आदिल रशीद ने अब सूर्यकुमार यादव (11) का विकेट झटक लिया है। 15.4 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 190/4 हो गया है। 21 गेंद में 35 रन बनाकर खेल रहे शिवम दुबे का साथ देने हार्दिक पंड्या आए हैं।
2026-03-05T20:14
सैमसन 89 रन बनाकर OUT
संजू सैमसन 89 रन की यादगार पारी खेलकर आउट हो गए हैं। उन्हें 15 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था। इसका फायदा उठाकर संजू ने भारत को विशाल स्कोर की ओर अग्रसर कर दिया है।
2026-03-05T19:45
संजू-ईशान की साझेदारी टूटी
आदिल रशीद ने ईशान किशन का विकेट लेकर संजू सैमसन के साथ उनकी 97 रन की साझेदारी तोड़ दी है। 9.3 ओवर के बाद भारत का स्कोर 117/2 हो गया है। ईशान 18 गेंद में 39 रन की अच्छी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। शिवम दुबे को नंबर-4 पर भेजा गया है।
2026-03-05T19:35
संजू सैमसन की फिफ्टी
संजू सैमसन ने 26 गेंद में फिफ्टी ठोक दी है। संजू ने आठवें ओवर की चौथी गेंद को छक्के के लिए भेज स्टाइल में अपना अर्धशतक पूरा किया।
2026-03-05T19:32
संजू-ईशान के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
संजू सैमसन ने पावरप्ले खत्म होने के बाद गेंदबाजी करने आए आदिल रशीद की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा है। इस शॉट के साथ उनके और ईशान किशन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। भारत का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है।
2026-03-05T19:21
टीम इंडिया का स्कोर 50 के पार
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को 5 ओवर के अंदर 50 के पार पहुंचा दिया है।
2026-03-05T19:09
फिर ऑफ स्पिनर का शिकार बने अभिषेक
अभिषेक शर्मा एक बार फिर ऑफ स्पिनर का शिकार बन गए हैं। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें विल जैक्स ने पवेलियन भेज इंग्लैंड को पहली सफलता दिला दी है। अभिषेक 7 गेंद में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ईशान किशन बल्लेबाजी करने आए हैं।
2026-03-05T19:01
भारत की बैटिंग शुरू
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर आ गए हैं। जोफ्रा आर्चर के सामने संजू सैमसन स्ट्राइक ले रहे हैं।
2026-03-05T18:53
65 मीटर की है स्क्वेयर बाउंड्री
भारत-इंग्लैंड मुकाबले में 7 नंबर की पिच का इस्तेमाल हो रहा है। स्ट्रेट बाउंड्री 75 मीटर की, जबकि स्क्वेयर बाउंड्री सिर्फ 65 मीटर की है।
2026-03-05T18:35
भारत की प्लेइंग-XI:
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
2026-03-05T18:35
सूर्या बोले, 'हम बैटिंग ही करना चाहते थे'
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम पहले बैटिंग ही करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि टीम में कोई बदलाव नहीं है।
2026-03-05T18:35
इंग्लैंड की प्लेइंग-XI
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डावसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद
2026-03-05T18:32
इंग्लैंड ने जीता टॉस
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना का फैसला किया है। रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन टीम में आए हैं।
2026-03-05T18:27
टीम इंडिया को मिलेगा सिक्के का साथ?
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में टॉस जीता था, जो अहम साबित हुआ था। देखना होगा कि आज उन्हें सिक्के का साथ मिलता है या नहीं।
2026-03-05T18:02
दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं
सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भारत और इंग्लैंड की टीमें वानखड़े स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। अब से थोड़ी देर में टॉस होना है।
2026-03-05T17:45
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड - फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डावसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।
