बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने इस साल टीम इंडिया में धमाकेदार एंट्री की थी। BCCI ने ईशान का 2 साल का वनवास खत्म करते हुए उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और उसके बाद होने वाले ICC टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में मौका दिया था। हालांकि बहस ये थी कि वह कहां बल्लेबाजी करेंगे, क्योंकि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी को तोड़ना मुश्किल था।
ईशान क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में आमतौर पर पारी की शुरुआत करना ही पसंद करते हैं। ऐसे में लगा कि वह बेंच पर ही पूरी सीरीज बिताएंगे। इसी बीच मिडिल आर्डर में एक पोजिशन खाली हुआ और वह था तीसरा नंबर। तिलक वर्मा को टेस्टिकुलर टॉर्शन के कारण अचानक सर्जरी से गुजरना पड़ा, जिससे यह पोजिशन ईशान को मिल गया। ईशान ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान 4 पारियों में 231.18 के स्ट्राइक रेट से 215 रन ठोक प्लेइंग-XI में अपनी जगह पक्की कर ली।
इसके बाद उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बतौर सलामी बल्लेबाज संजू को रिप्लेस कर दिया। संजू टूर्नामेंट के आखिरी स्टेज में फिर से ओपनिंग में लौटे लेकिन ईशान प्लेइंग-XI में बने रहे। ईशान ने 9 पारियों में 193.29 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाकर भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि इसके बाद से भारतीय टी20 टीम की जर्सी में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा है, जिससे उनके ऊपर अंतिम एकादश से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
यह भी पढ़ें: अर्जेंटीना को जिताना चाहता है FIFA? मेसी की टीम पर लगे आरोपों की वजह जानिए
लापरवाह हो गए हैं ईशान?
आयरलैंड में ईशान 2 पारियों में सिर्फ 13 रन बना पाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 100 से भी कम (81.25) रहा था। सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले में वह 12 रन के निजी स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे थे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी वह सीरीज के शुरुआती मुकाबले में अभिषेक शर्मा के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। अगले मैच में उन्होंने 49 रन जरूर बनाए लेकिन इसके लिए 40 गेंदें खेली, जिससे भारत विशाल स्कोर तक नहीं पहुंच सका और इंग्लैंड ने आसानी से जीत हासिल कर बढ़त हासिल कर ली।
बुधवार (7 जुलाई) को खेले गए तीसरे मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वह 9 गेंद में 13 रन ही बना सके। इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में वह 3 पारियों में 121.56 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 62 रन ही बना पाए हैं। लापरवाह रवैये के कारण अब उनकी जगह पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लगातार हार रही है टीम इंडिया, आखिरी बार कब हुआ था इतना बुरा हाल?
ईशान का होगा पत्ता साफ?
15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए संजू को ड्रॉप कर दिया गया है। हालांकि उन्हें बाहर किए जाने से भी भारत को कोई फायदा नहीं हुआ है और टीम लगातार दो मैच हारकर 5 मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गई है। हेड कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिए हैं कि आगामी मैचों में संजू की वापसी हो सकती है। वैभव को लंबे समय तक मौका दिए जाने की संभावना है। ऐसे में संजू प्लेइंग-XI में वापस आते हैं तो किसकी जगह लेंगे, यह बड़ा सवाल है।
अगर संजू खेलते हैं, तो अब तक नंबर-3 पर अपनी जगह पक्की कर चुके ईशान को बाहर जाना पड़ सकता है। हालांकि टीम मैनेजमेंट ईशान पर फैसला लेने में जल्दबाजी नहीं करना चाहेगा। अब ईशान पर है कि वह लगातार हो रही गलती में सुधार कर अपनी जगह सुरक्षित करें, नहीं तो टीम में चल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा का वह शिकार बन सकते हैं।


