भारत और जापान के बीच इकलौता टी20 मुकाबला बारिश के कारण 5-5 ओवर का हो रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने जापान के सामने महज 33 रन का टारगेट रखा है। भारतीय टीम की ओर से महज 2 चौके लगे। अफगानिस्तान के खिलाफ हर मैच में चौके-छक्कों की बारिश करने वाले अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए। ईशान किशन भी 6 गेंद खेलकर 3 रन ही बना सके।

 

टीम के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए। उन्होंने 12 गेंद का सामना किया और 1 चौका जड़ा। संजू सैमसन ने 7 गेंद में 9 रन बनाए। उनके बल्ले से भी एक चौका निकला। तिलक वर्मा 3 गेंद में 1 रन बनाकर नाबाद रहे। शिवम दुबे ने 1 गेंद खेली, जिस पर वह कोई रन नहीं बना सके और नाबाद लौटे। 

 

जापान की ओर से चार्ली हारा-हिन्जे ने 2 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट झटके। चार्ली हारा-हिन्जे वही गेंदबाज हैं, जिनके नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनके अलावा इब्राहिम ताकाहाशी और बेंजामिन इटो-डेविस को 1-1 सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में स्मृति मंधाना ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, टीम इंडिया जीतेगी गोल्ड?

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: भारत 6 मेडल पर अटका, इलावेनिल-पार्थ ब्रॉन्ज भी नहीं जीत सके

घर के बाहर ढेर श्रेयस की टीम

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को पहले आयरलैंड और फिर इंग्लैंड में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया इस दौरे पर 6 टी20 में से एक भी नहीं जीत पाई थी। भारत की बल्लेबाज बेहद खराब रही थी। टीम ने इस निराशाजनक दौरे के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर अपनी फॉर्म दिखाई लेकिन जापान के खिलाफ छोटा स्कोर बनाना, बताता है कि यह टीम सिर्फ घर की शेर रह गई है। 

 

अभिषेक शर्मा का बल्ला भी सिर्फ भारत में ही चल रहा है। तिलक वर्मा को कुछ खास समय नहीं मिला लेकिन उनकी फॉर्म पर भी सवालिया निशान हैं।