भारत ने गॉल टेस्ट पर शिकंजा कस लिया है। टीम इंडिया ने मुकाबले के पांचवें दिन (19 अगस्त) लंच तक श्रीलंका के 6 विकेट गिरा दिए हैं। शुभमन गिल एंड कंपनी जीत से महज 4 विकेट दूर है। अभी दो सेशन का पूरा खेल बचा हुआ है। श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाजों के लिए लगभग 55 ओवर खेलकर निकालना मुश्किल है। रवींद्र जडेजा और मानव सुथार लगातार श्रीलंकाई बल्लेबाजों की परीक्षा ले रहे हैं।
पांचवें दिन के खेल में भले ही सुथार को विकेट नहीं मिला है लेकिन वह अपनी सटीक लाइन लेंथ और शार्प टर्न से खतरा पैदा कर रहे हैं। सुथार इस टेस्ट में 6 विकेट ले चुके हैं और भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने पहली पारी में 4 विकेट चटकाए थे, जबकि दूसरी पारी में उनके नाम 2 विकेट दर्ज है। उन्होंने कल (18 अगस्त) दिनेश चांदीमल के कन्कशन सबस्टिट्यूट के तौर पर उतरे पसिंदु सूरियाबंडारा को शून्य पर चलता करने के बाद लाहिरू उडारा को पवेलियन भेजा था।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को कितनी बार हराया है? आंकड़े
कुलदीप से बेहतर गेंदबाजी कर रहे हैं सुथार
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव गॉल टेस्ट में रंग में नहीं दिखे हैं। उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 1 ही विकेट ले पाए थे। उसमें भी कप्तान शुभमन गिल की फील्डिंग का ज्यादा योगदान था। गिल ने छलांग लगाते हुए कामिंदु मेंडिस का कैच लपक विकेट कॉलम में कुलदीप का खाता खोला था। दूसरी पारी में कुलदीप कंट्रोल और सही लेंथ हासिल करने में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने 3 से ज्यादा की इकॉनमी से रन दिए हैं। वहीं अपना दूसरा ही टेस्ट खेल रहे मानव सुथार बेहद खतरनाक लग रहे हैं। उछाल और टर्न के मामले में वह बल्लेबाजों को जडेजा से भी बेहतर लगे हैं।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कहां दिखेगा मैच?
कुलदीप के लिए खतरा कैसे बन गए हैं सुथार?
रविचंद्रन अश्विन और जडेजा के टीम में रहते कुलदीप को 9 साल में सिर्फ 19 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला है। अश्विन के संन्यास के बाद कुलदीप के लिए रास्ते बने लेकिन अब सुथार उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। सुथार अश्विन-जडेजा की तरह बल्लेबाजी करना भी जानते हैं। जडेजा का अब ज्यादा दिन का क्रिकेट करियर नहीं बचा है। सुथार को उनके उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है लेकिन फिलहाल वह कुलदीप के लिए मुसीबत बनते दिख रहे हैं।
