चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन घर और विदेश में काफी अलग रहा है। घरेलू मैदान पर बल्लेबाजों ने लगातार रन बनाए हैं। वहीं, विदेशी मैदानों पर टीम का प्रदर्शन कमजोर रहा है। इसका असर वनडे में भारत की बल्लेबाजी की गहराई पर पड़ सकता है।

 

आंकड़ों के अनुसार, घर में भारत के मिडिल ऑर्डर ने 12 मैचों में 47.75 की औसत से 1,146 रन बनाए हैं। इस दौरान स्ट्राइक रेट 110.72 रहा। वहीं, विदेश में 11 मैचों में 24.64 की औसत से सिर्फ 764 रन बने। यहां स्ट्राइक रेट भी घटकर 79.58 रह गया।

घरेलू मैदान पर मिडिल ऑर्डर का दमदार प्रदर्शन

भारत में खेले गए 12 मैचों में नंबर 4 से 7 तक के बल्लेबाजों ने 4 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। 47.75 की औसत और 110.72 के स्ट्राइक रेट से पता चलता है कि मिडिल ऑर्डर ने तेजी से रन बनाने के साथ बड़ी पारियां भी खेलीं हैं।

 

यह भी पढ़ें: CWC 2027 से पहले भारत की कमजोरी उजागर, SA में कैसा है टॉप-5 का रिकॉर्ड?


वहीं विदेश में तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। 11 मैचों में औसत 24.64 रहा और स्ट्राइक रेट 79.58 तक गिर गया है। इस दौरान 4 अर्धशतक बने, लेकिन कोई शतक नहीं आया। यानी विदेशी पिचों पर मिडिल ऑर्डर न तो लगातार रन बना पाया और न ही तेज गति से स्कोर कर सका।

CWC 2027 में हो सकती है परेशानी

2027 वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। ऐसे में विदेशी मैदानों पर मिडिल ऑर्डर का यह प्रदर्शन चिंता बढ़ा सकता है। दक्षिण अफ्रीका की तेज और उछाल वाली पिचों पर बल्लेबाजों को शुरुआत में मुश्किल हो सकती है। अगर टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हुआ, तो नंबर 4 से 7 तक के बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ेगा। भारत को वर्ल्ड कप से पहले इस कमजोरी पर काम करना होगा।

 

इस समय सीमा में भारत ने मिडिल ऑर्डर में कई खिलाड़ियों को आजमाया है। इनमें श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋषभ पंत , हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा , अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, सूर्यकुमार यादव , शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और नमन धीर का नाम शामिल हैं।