श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में धमाकेदार शुरुआत की थी। पंजाब किंग्स की कमान संभाल रहे श्रेयस ने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 42 गेंद में नाबाद 97 रन ठोके थे। दूसरे मैच में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 30 गेंद में नाबाद 52 रन की पारी खेली। इसके बाद वह लगातार दो मैचों में सस्ते में पवेलियन लौटे। श्रेयस ने फॉर्म में वापसी करते हुए हैदराबाद में 36 गेंद में ताबड़तोड़ 82 रन बनाए।

 

हालांकि अगले ही मैच में वह एक बार फिर फेल हो गए। श्रेयस अय्यर अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद से वह लगातार दो मैचों में दोहरे अंक में नहीं पहुंचे हैं। श्रेयस अय्यर शनिवार (26 अप्रैल) को केकेआर के खिलाफ बड़ी पारी खेलने के इरादे से उतरेंगे। ईडन गार्डंस में खेलने का पर्याप्त अनुभव उनके काम सकता है। हालांकि आंद्रे रसेल से उन्हें बचकर रहना होगा।

 

यह भी पढ़ें: साई किशोर को खरीदना चाहती थी SRH, विटोरी ने किया खुलासा

 

श्रेयस के लिए रसेल हैं बड़ा खतरा

 

श्रेयस अय्यर और आंद्रे रसेल का अब तक 9 बार आमना-सामना हुआ है। इस भिड़ंत में रसेल भारी पड़े हैं। रसेल ने श्रेयस को 5 बार आउट किया है। यह कैरेबियन ऑलराउंडर श्रेयस को खामोश रखने में भी सफल रहा है। रसेल के खिलाफ श्रेयस 12.6 की औसत से 63 रन ही बना पाए हैं। रसेल के लिए मौजूदा सीजन अच्छा नहीं गुजरा है। वह बल्ले से बुरी तरह से फ्लॉप हुए हैं। उन्होंने 6 पारियों में महज 55 रन ही बनाए हैं। गेंद से उनका मिला-जुला प्रदर्शन रहा है। रसेल ने 4 पारियों में 6 विकेट झटके हैं। आईपीएल 2025 में जब उन्होंने गेंदबाजी की है, वह खाली हाथ नहीं रहे हैं। ऐसे में श्रेयस और रसेल के बीच मुकाबला रोचक हो सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: होम ग्राउंड पर खराब प्रदर्शन के बाद भी ट्रॉफी जीत पाएगी RCB?

 

मार्को यानसन के सामने टिक पाएंगे केकेआर के उप-कप्तान?

 

कोलकाता नाइट राइडर्स के उप-कप्तान वेंकटेश अय्यर के लिए मौजूदा सीजन बेहद खराब गुजर रहा है। वेंकटेश को केकेआर ने 23.75 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि में खरीदा था लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 22.50 की औसत और 139.17 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 135 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन पर नजरें रहेंगी। वेंकटेश को मार्को यानसन को संभलकर खेलना होगा। मार्को यानसन ने पिछली 4 भिड़ंत में वेंकटेश को 3 बार पवेलियन की राह दिखाई है। वेंकटेश आईपीएल में मार्को यानसन के खिलाफ महज 14 रन ही बना पाए हैं।