आवेश खान ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड कर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को रोमांचक जीत दिला दी है। शनिवार (19 अप्रैल) को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में LSG ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में RR की टीम 5 विकेट गंवाकर 178 रन तक ही पहुंच सकी।

 

राजस्थान रॉयल्स ने एक बार फिर हाथ में आया मैच गंवाया। पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने उनसे जीती हुई बाजी छीनी थी। इस बार आवेश खान ने RR फैंस का दिल तोड़ दिया। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार चौथी हार रही। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत की पटरी पर लौटते हुए पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 में वापसी कर ली है।

 

यह भी पढ़ें: 'पता नहीं कहां से...' संजू सैमसन संग अनबन पर क्या बोले राहुल द्रविड़?

 

 

पराग के विकेट ने LSG को दिया मौका

 

181 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत धमाकेदार रही। आईपीएल इतिहास के सबसे युवा डेब्यूटंट वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने 8.4 ओवर में 85 रन की साझेदारी की। 14 साल के वैभव ने अपने आईपीएल करियर का धमाकेदार आगाज करते हुए 20 गेंद में 34 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्हें दिग्वेश राठी ने स्टंप आउट करवाया। नीतीश राणा (8) को शार्दुल ठाकुर ने पवेलियन भेजा। 94 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद क्रीज पर कप्तान रियान पराग आए। संजू सैमसन की गौरमैजूदगी में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाल रहे पराग ने यशस्वी के साथ मिलकर 5 ओवर में 62 रन बटोरे। 

 

17 ओवर की समाप्ति पर RR का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 156 रन था। उन्हें जीत के लिए आखिरी तीन ओवर में महज 25 रन की जरूरत थी। आवेश ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी को क्लीन बोल्ड किया। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 52 गेंद में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। यशस्वी अपना काम कर चुके थे। अब जिम्मेदारी पराग के ऊपर थी। मगर वह आवेश की आखिरी गेंद पर स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में LBW आउट होकर चलते बने। अभी भी पलड़ा राजस्थान रॉयल्स का भारी था लेकिन LSG की वापसी के दरवाजे खुल चुके थे।

 

यह भी पढ़ें: 200 प्लस रन बनाकर पहली बार हारी DC, जोस बटलर ने GT को टॉप पर पहुंचाया

 

आवेश ने यूं पलटी बाजी

 

शिमरॉन हेटमायर ने 19वें ओवर में प्रिंस यादव के खिलाफ दो चौके जड़कर 11 रन बनाए। उनके साथ क्रीज पर ध्रुव जुरेल मौजूद थे। आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड करने आए आवेश ने पहली गेंद यॉर्कर डाली, जिस पर जुरेल ने सिंगल लिया। दूसरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर के मिसफील्ड के कारण शिमरॉन हेटमायर को दो रन लेने का मौका मिला। इसके बाद अगली गेंद लेग स्टंप पर हाफ वॉली थी, जिसे हेटमायर सीधे स्क्वेयरलेग पर खड़े शार्दुल के हाथ में खेल बैठे। 

 

शुभम दुबे का पांचवीं गेंद पर डेविड मिलर से कैच छूटा। इस बीच शुभम और जुरेल ने भागकर दो रन लिए। राजस्थान रॉयल्स को आखिरी गेंद पर चौके की जरूरत थी। आवेश ने फुलर गेंद की जिस पर शुभम ने बॉलर की दिशा में करारा प्रहार किया। गेंद सीधे जाकर आवेश के हाथ पर लगी। वह दर्द में दिखे लेकिन 2 रन की जीत से लखनऊ सुपर जायंट्स के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।

 

अब्दुल समद ने LSG को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया

 

मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स का आगाज अच्छा नहीं रहा। मिचेल मार्श (4) तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने हेटमायर के हाथों लपकवाया। निकोलस पूरन जीवनदान मिलने के बावजूद 8 गेंद में 11 रन ही बना सके। पूरन को संदीप शर्मा ने यॉर्कर गेंद पर LBW आउट किया। पावरप्ले के अंदर अपने दो बेस्ट बल्लेबाजों को गंवाने के बाद मुसीबत में फंसी LSG को कप्तान ऋषभ पंत से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह 11 रन बनाकर चलते बने। 

 

 

लखनऊ सुपर जायंट्स को 8वें ओवर में ही इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आयुष बदोनी को उतारना पड़ा। एक छोर संभालकर रखे एडन मारक्रम ने बदोनी के साथ मिलकर LSG को संभाला। मारक्रम ने 45 गेंद में 66 रन बनाए। उनका विकेट 16वें ओवर में 130 के स्कोर पर गिरा। बदोनी भी अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। 19 ओवर के बाद LSG का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 153 रन था। अब्दुल समद ने आखिर ओवर में संदीप शर्मा के खिलाफ 4 छक्के जड़कर उन्हें मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इस ओवर में कुल 27 रन बने, जिसने मैच में अंतर पैदा किया। समद 10 गेंद में 30 रन बनाकर नाबाद रहे।