इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन के लिए प्लेयर ऑक्शन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली मिनी नीलामी के लिए 359 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें झारखंड के 4 प्लेयर शामिल हैं। सुशांत मिश्रा, अमित कुमार, उत्कर्ष सिंह और बाल कृष्णा को फाइनल लिस्ट में जगह मिली है। ये सभी खिलाड़ी फिलहाल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में खेल रहे हैं। SMAT को एक तरह से IPL ऑडिशन के रूप में देखा जाता है, क्योंकि हालिया वर्षों में इसका आयोजन नीलामी से ठीक पहले किया जाता है। ऐसे में जानिए IPL ऑक्शन के लिए शार्टलिस्ट हुए झारखंड के खिलाड़ियों का इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट में प्रदर्शन कैसा है।
सुशांत मिश्रा
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा SMAT 2025 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में हरियाणा के अंशुल कम्बोज के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। 24 साल के सुशांत ने अब तक 8 मैचों में 17 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.96 की रही है। झारखंड की लगातार 8 जीत में उनकी भूमिका अहम रही है। वह तीन बार 3 विकेट हॉल ले चुके हैं।
भारतीय टीम के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके सुशांत IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (2022) और गुजरात टाइटंस (2024) का हिस्सा रहे हैं। गुजरात टाइटंस ने IPL 2024 ऑक्शन में उनके लिए 2.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला और वह सीजन के बीच में चोटिल होकर बाहर हो गए।
यह भी पढ़ें: 5 गुमनाम खिलाड़ी, जिनकी IPL ऑक्शन में लग सकती है लॉट्री, एक पर CSK की है निगाहें
अमित कुमार
23 साल के लेग स्पिनर अमित कुमार ने SMAT 2025 में झारखंड के लिए 5 मैच खेले हैं। उन्हें 4 पारियों में बॉलिंग मिली है, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं। अमित की इकॉनमी 8.30 की है। उनका बेस्ट प्रदर्शन 36 रन देकर 2 विकेट है।
उत्कर्ष सिंह
ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह का गेंद और बल्ले के साथ मिला-जुला प्रदर्शन रहा है। SMAT 2025 में उन्होंने 7 पारियों में 125.64 के स्ट्राइक रेट से 98 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 41 है। वहीं ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हुए इस 27 साल के खिलाड़ी ने 6 पारियों में 4 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 10 के ऊपर रही है। उत्कर्ष IPL 2021 में पंजाब किंग्स की टीम में थे। इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था।
यह भी पढ़ें: वे 5 अनकैप्ड भारतीय तेज गेंदबाज, जो IPL ऑक्शन में कर सकते हैं छप्परफाड़ कमाई
बाल कृष्णा
दाएं हाथ के मीडियम पेसर बाल कृष्णा SMAT 2025 में झारखंड के लिए चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 8 मैचों में 9 विकेट अपनी झोली में डाले हैं। उनकी इकॉनमी 9.57 की है। 27 साल के बाल कृष्णा का बेस्ट बॉलिंग फिगर 2/29 है।
