इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) 2026 का 53वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। रविवार (10 मई) को चेपॉक स्टेडियम में हुए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में CSK ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। दोपहर में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर LSG ने 8 विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया था। CSK ने इस विशाल टारगेट का पीछा करते हुए 19.2 ओवर में 208 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

IPL में CSK का यह दूसरा सबसे बड़ा रन चेज रहा। साथ ही 2018 के बाद टीम ने पहली बार 200 प्लस टारगेट को सफलतापूर्वक चेज किया। CSK की यह लगातार तीसरी जीत रही। उसके पास 11 मैचों में 12 पॉइंट्स हो गए हैं और उसने प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरी तरफ LSG की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। 

 

यह भी पढ़ें: उर्विल पटेल ने IPL की सबसे तेज फिफ्टी ठोक निकाली पर्ची, उसमें लिखा क्या था?

उर्विल पटेल ने ठोकी 13 गेंद में फिफ्टी

बड़े रन चेज में संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने CSK को आतिशी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 3.4 ओवर में 45 रन की ओपनिंग साझेदारी की। संजू 14 गेंद में 28 रन बनाकर दिग्वेश राठी का शिकार बने। इसके बाद क्रीज पर उतरे उर्विल पटेल ने तबाही मचा दी। उर्विल ने छक्कों की बरसात करते हुए 13 गेंद में फिफ्टी ठोक दिया। इसके साथ ही उन्होंने IPL इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी की बराबरी कर ली। उनकी धुआंधार बल्लेबाजी से CSK ने पावरप्ले में 97 रन बनाए।

उर्विल पावरप्ले के बाद भी धीमे नहीं पड़े और उन्होंने 9 ओवर में CSK को 125/1 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अब टीम को 11 ओवर में सिर्फ 79 रन की जरूरत थी। उसकी वह तेजी से जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन उर्विल (23 गेंद में 65) के आउट होते ही उसकी पारी पटरी से उतर गई। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (28 गेंद में 42) और डेवाल्ड ब्रेविस (12 गेंद में 10 रन) बीच मझधार में CSK को छोड़ गए। कार्तिक शर्मा ने 20 गेंद में सिर्फ 20 रन बनाकर टीम का काम मुश्किल किया। 

 

CSK को आखिरी 3 ओवर में 31 रन चाहिए थे। क्रीज पर शिवम दुबे और इम्पैक्ट प्लेयर प्रशांत वीर की जोड़ी थी। प्रशांत वीर ने 18वें और 19वें ओवर में छक्का लगाकर जरूरी रन रेट को 10 के आस-पास रखा। अब CSK को आखिरी ओवर में 10 रन बनाने थे। LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने दो बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देख गेंद एडन मारक्रम को सौंपी। मारक्रम ने आखिरी ओवर की शुरुआत दो वाइड के साथ की। इसके बाद शिवम दुबे ने लगातार दो छक्के जड़कर CSK को जीत दिला दी।

 

यह भी पढ़ें: विजय के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे CSK स्टार अंशुल कम्बोज? आर अश्विन ने लिए मजे

इंग्लिस की मेहनत बेकार

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी LSG को जोश इंग्लिस ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। इंग्लिस ने पावरप्ले में 25 गेंद में 77 रन ठोक LSG को 91/1 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद CSK ने मिडिल ओवरों लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर LSG की पारी पर ब्रेक लगाई। जेमी ओवरटन ने इंग्लिस (33 गेंद में 85 रन), ऋषभ पंत (15) और अक्षत रघुवंशी (18) को चलता किया। LSG का 200 रन तक भी पहुंचना मुश्किल हो गया था। अंत में शाहबाज अहमद ने 25 गेंद में नाबाद 43 रन की पारी खेल उसे 200 के पार ले गए लेकिन यह भी नाकाफी साबित हुआ।