IPL 2026 का 30वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) के लिए एक कमबैक वाला मैच साबित हुआ। यह मुकाबला 20 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेला गया। इस मैच में मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की पूरी टीम को सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद मुंबई ने आसानी से यह मैच 99 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। चार लगातार हार के बाद मुंबई इंडियंस को यह उनकी पहली जीत मिली है। इस मैच में तिलक वर्मा और अश्विनी कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस मैच को जीतकर मुंबई इंडियंस (MI) ने पॉइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगा दी है। मैच से पहले टीम 10वें नंबर पर थी लेकिन बड़े अंतर से जीत हासिल करने के बाद अब मुंबई 7वें नंबर पर पहुंच गई है। मुंबई ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें 2 में जीत और 4 में हार मिली है। टीम का नेट रन रेट +0.067 है। वहीं दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस के नेट रन रेट में काफी गिरावट देखने को मिली है। गुजरात ने भी 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार दर्ज की हैं और वह फिलहाल पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है। उनका नेट रन रेट -0.821 हो गया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: PBKS की जीत का फॉर्मूला क्या, श्रेयस अय्यर की टीम क्यों पड़ रही भारी?
मुंबई इंडियंस की पारी
मुंबई इंडियंस जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में ही टीम ने 3 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 46 रन बना सकी। इसके बाद मिडिल ओवर में टीम ने थोड़ी वापसी जरूर की लेकिन गुजरात के गेंदबाजों ने रन गति पर लगाम लगाए रखी। 7 से 15 ओवर के बीच मुंबई ने सिर्फ 1 विकेट खोया और 76 रन जोड़े। वहीं डेथ ओवर आते ही मुंबई के बल्लेबाज पूरी तरह हावी हो गए और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी। आखिरी 5 ओवर यानी 16 से 20 के बीच मुंबई ने सिर्फ 1 विकेट गंवाया और ताबड़तोड़ 77 रन ठोक दिए। इसी दमदार फिनिश के चलते मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन जैसा मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
मुंबई इंडियंस की तरफ से तिलक वर्मा ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन ठोक दिए। उनके अलावा नमन धीर ने 45 रन का योगदान दिया। बाकी कोई भी बल्लेबाज 15 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। वहीं गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: GT vs MI: तिलक वर्मा ने जड़ा पहला IPL शतक, GT के खिलाफ बने मुंबई के संकटमोचक
गुजरात टाइटंस की पारी
गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी मुंबई की तरह काफी खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने 3 विकेट खोकर सिर्फ 3 रन बनाए। इसके बाद भी टीम संभल नहीं पाई और मुंबई के गेंदबाज पूरी तरह हावी हो गए। 7 से 15 ओवर के बीच गुजरात ने 5 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 54 रन ही जोड़ पाए। इसके बाद डेथ ओवर भी टीम सही से नहीं खेल पाई और 16वें ओवर में ही 2 विकेट खोकर सिर्फ 1 रन बना सकी। आखिर में गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई और मुंबई ने यह मैच 99 रनों से आसानी से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: MI vs CSK: मुंबई के खिलाफ भी नहीं खेलेंगे एमएस धोनी? कोच का चौंकाने वाला बयान
गुजरात टाइटंस की तरफ से कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। वहीं शाहरुख खान 17 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल भी सिर्फ 14 रन ही बना पाए। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अश्विनी कुमार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। एएम गजनफर को 2 विकेट मिले। जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
