इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 46वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया, जो लो-स्कोरिंग रहा। रविवार (3 मई) को अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में PBKS ने खराब शुरुआत से उबरकर 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए GT की टीम कंट्रोल में लगी लेकिन आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। अब मैच बराबरी पर खड़ा था। मार्कस स्टोइनिस ने 20वें ओवर की पहली गेंद वाइड डाली। इसके बाद अरशद खान ने चौका जड़ दिया।

 

GT को यहां से 5 गेंद में 6 रन बनाने थे। स्टोइनिस ने अगली 3 गेंद में 3 रन दिए। अब GT को 2 गेंद में 3 रन चाहिए थे। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर आ चुका था। PBKS की टीम भी हार मानने के लिए तैयार नहीं थी। मगर स्टोइनिस पांचवीं गेंद फुल टॉस डाल बैठे, जिसे वॉशिंगटन सुंदर ने छक्के के लिए भेज GT को लगातार तीसरी जीत दिला दी। नंबर-5 पर उतरे सुंदर 23 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद रहे। टेबल टॉपर PBKS को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: 'ऋषभ पंत फॉर्म में आने से बस एक पारी दूर...' LSG कोच का अजीबोगरीब बयान

साई सुदर्शन ने जड़ा अर्धशतक

GT ने 164 रन के चेज में कप्तान शुभमन गिल (5) का विकेट विकेट जल्दी गंवा दिया था। साई सुदर्शन और जोस बटलर ने अर्धशतकीय साझेदारी कर उसकी पारी को संभाला। GT की टीम आसानी से टारगेट की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन विजयकुमार वैशाख ने जोस बटलर (26) का विकेट लेकर मैच खोल दिया। GT ने इसके बाद IPL डेब्यू कर रहे निशांत सिंधु (15) का विकेट गंवाया लेकिन सुदर्शन एक छोर पर जमे रहे। उन्होंने अर्धशतक जड़ मोर्चा संभाल रखा था लेकिन अहम मोड़ पर वह आउट हो गए। 

 

सुदर्शन ने 41 गेंद में 57 रन बनाए। उनका विकेट 124 के स्कोर पर गिरा। इस समय GT को 31 गेंद में 40 रन की जरूरत थी। GT ने इसके बाद राहुल तेवतिया (2) और जेसन होल्डर के विकेट खो दिए, जिससे उसकी मुश्किलें बढ़ीं लेकिन सुंदर ने अंत तक खड़े रहकर उसे 12 पॉइंट्स तक पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें: लगातार 5 चौके-छक्के, 24 गेंद में फिफ्टी, कौन हैं सूर्यांश शेडगे?

शुरुआत में बिखर गई थी PBKS की पारी   

पहले बल्लेबाजी करने उतरी PBKS की टीम ने 47 गेंद में 5 विकेट खो दिए थे। प्रियांश आर्य (2), प्रभसिमरन सिंह (15), कूपर कॉनोली (0), कप्तान श्रेयस अय्यर (19) और नेहाल वढेरा सब पवेलियन में थे। यहां से सूर्यांश शेडगे ने 29 गेंद में 57 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने स्टोइनिस (31 गेंद में 40) के साथ मिलकर PBKS को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन उनकी कोशिश बेकार चली गई।

 

GT की ओर से जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और कैगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट झटके। राशिद खान के खाते में एक विकेट रहा।