इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाड़ी लगातार चोटिल हो रहे हैं। खलील अहमद और आयुष म्हात्रे जैसे मैच विनर्स पहले ही चोट के चलते IPL 2026 से बाहर हो चुके हैं। अब CSK को एक और तगड़ा झटका लगा है। टीम के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर जेमी ओवरटन को दाहिनी जांघ में चोट लग गई है।

 

CSK ने बयान जारी किया है कि ओवरटन चोट के इलाज के लिए यूनाइटेड किंगडम (UK) लौटने वाले हैं। समझा जा रहा है कि उनका IPL 2026 के लिए वापस भारत आना मुश्किल है।

 

यह भी पढ़ें: लगातार 4 हार से बेजान PBKS की बदलेगी किस्मत? गेंदबाजों पर रहेगा दारोमदार

गेंद और बल्ले से कमाल कर रहे थे ओवरटन

दाएं हाथ के मीडियम पेसर ओवरटन मौजूदा सीजन में CSK के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 10 मैचों में 17.78 की औसत से 14 विकेट लिए थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.89 की रही थी। ओवरटन जब भी मौका मिला बल्ले से भी बहुमूल्य योगदान दिया। उन्होंने 6 पारियों में 34 की औसत और 158.13 के स्ट्राइक रेट से 136 रन जड़े थे। ओवरटन CSK के पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। उन्होंने 11 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 3 विकेट लेकर CSK की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। 

 

ओवरटन के चोटिल होने की खबर सामने आने से पहले CSK ने कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को रामकृष्ण घोष के इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया था। रामकृष्ण घोष अपने IPL डेब्यू मैच में अपना पैर में फ्रैक्चर कर बैठे थे, जिसके चलते उन्हें सीजन से बाहर होना पड़ा था।

 

यह भी पढ़ें: 3 टी20 खेले, विकेट एक भी नहीं; कौन हैं सौरभ दुबे जिनका KKR ने कराया IPL डेब्यू?

प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है CSK

चोटिल खिलाड़ियों की लंबी होती लिस्ट के बीच CSK लगातार जीत रही है। वह 11 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ टेबल में पांचवें पायदान पर है। उसे प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपने बचे हुए 3 मैचों में से कम से कम 2 जीतने होंगे। CSK ने पिछले 3 मैचों में जीत दर्ज की है। ओवरटन के चोटिल होने के बाद अब देखना होगा कि टीम कैसे अपनी लय को बरकरार रख पाती है।