इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम संघर्ष कर रही है। LSG को अपने ओपनिंग मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने इस हार से उबरते हुए लगातार दो रोमांचक जीत दर्ज की। हालांकि इसके बाद एक बार फिर उसकी गाड़ी पटरी से उतर गई। LSG ने एक के बाद एक 3 मुकाबले गंवा दिए। उसे गुजरात टाइटंस (GT) ने 7 विकेट से, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 5 विकेट से और पंजाब किंग्स (PBKS) ने 54 रन से शिकस्त दी।

 

GT और RCB के खिलाफ LSG की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही तो वहीं PBKS के सामने उसके गेंदबाजों ने 254 रन लुटा दिए। PBKS के खिलाफ रन चेज में LSG ने सधी हुई शुरुआत की लेकिन वह पावरप्ले में 61 रन ही बना पाई, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। मिचेल मार्श और आयुष बदोनी की सलामी जोड़ी पावरप्ले की आखिरी गेंद पर टूटी। इसके बावजूद ये दोनों बल्लेबाज LSG को बड़े रन चेज में तूफानी शुरुआत नहीं दिला पाए। LSG अब तक इस सीजन में इसी कमी से जूझ रही है।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल... नवाज का ड्रग्स टेस्ट आया पॉजिटिव, ऐक्शन में PCB

पावरप्ले में ही डगमगा जा रही LSG की नैया

LSG की टीम DC के खिलाफ सीजन ओपनर में पंत और मार्श की सलामी जोड़ी के साथ उतरी थी। इसके बाद अगले 4 मैचों में मार्श और मारक्रम ने ओपनिंग की। ये जोड़ी भी नहीं सफल हो पाई तो LSG मैनेजमेंट ने मार्श के साथ बदोनी को उतार दिया। मार्श-बदोनी ने 6 ओवर में 61 रन जरूर बटोरे लेकिन 255 के चेज में ये नाकाफी थे। 

 

6 मैचों में 4 पॉइंट्स के साथ 9वें नंबर काबिज LSG की टीम इस सीजन पावरप्ले में सिर्फ 8.7 के रन रेट से रन बना रही है, जो इस फेज में सभी टीमों में दूसरा सबसे धीमा स्कोरिंग रेट है। इसके लिए सिर्फ ओपनर्स ही नहीं कप्तान पंत भी जिम्मेदार हैं, जो नंबर-3 पर आने के बाद भी 136.11 के स्ट्राइक रेट से ही रन बटोर पा रहे हैं। टॉप ऑर्डर के खराब प्रदर्शन के कारण ही LSG हार की हैट्रिक लगा चुकी है।

 

यह भी पढ़ें: लगातार हार रही LSG, इकाना में बदलेगी कहानी? पढ़िए पिच रिपोर्ट 

बल्लेबाजी बन गई है कमजोरी

LSG के बैटिंग लाइन अप में एक से बढ़कर एक धुरंधर हैं लेकिन यह टीम अब तक सिर्फ एक बार ही 200 का आंकड़ा छू पाई है। वह भी 200 रन LSG ने PBKS के खिलाफ 255 के चेज में बनाए थे। LSG दो बार 150 के नीचे ऑलआउट हो चुकी है। न तो बल्लेबाज खुलकर खेल पा रहे हैं और न ही टिक पा रहे हैं। इस सीजन अब तक LSG के किसी बल्लेबाज ने 200 रन का आंकड़ा नहीं छुआ है और न ही किसी का स्ट्राइक रेट 200 के करीब है। 

 

निकोलस पूरन टीम के लिए बोझ साबित हो रहे हैं। उन्होंने 6 मैचों में 8.5 की औसत से महज 51 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 80 का रहा है, जो इस सीजन कम से कम 30 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे कम है।

RR के सामने पावरप्ले में होगा फैसला

LSG आज (22 अप्रैल) अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स से भिड़ने वाली है।  RR की टीम पावरप्ले में 12.1 के रन रेट पर भाग रही है, जो सभी टीमों से बेहतर है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल विपक्षी टीमों को पावरप्ले में ही घुटनों पर ला दे रहे हैं। दूसरी तरफ LSG इस फेज में संघर्ष कर रही है। आज उसे RR से पार पाने के लिए दोनों पावरप्ले को जीतना ही होगा।