IPL 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने 10वें मैच में सीजन की तीसरी जीत हासिल कर ली है।इस जीत के बाद टीम के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अभी भी जिंदा है। हालांकि, आगे का रास्ता आसान नहीं है। अगर टीम को प्लेऑफ में जगह बनानी है तो पिछले मैचों की गलतियों को भूलकर अब शानदार खेल दिखाना होगा। दूसरी तरफ, इस सीजन में टीम के प्रदर्शन से मुंबई के फैंस काफी नाराज भी नजर आ रहे हैं लेकिन उन्हें अब भी उम्मीद है कि टीम वापसी कर सकती है।

 

5 बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस का इस सीजन में हाल काफी खराब रहा है। टीम ने अब तक 10 मैच खेले हैं लेकिन सिर्फ 3 ही जीत पाई और 7 मैचों में हार मिली है। इसी वजह से मुंबई के पास अभी सिर्फ 6 पॉइंट्स हैं और उनका नेट रन रेट -0.649 है। खराब प्रदर्शन के चलते टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर है। हालांकि, 47वें मैच में लखनऊ को हराने के बाद मुंबई ने थोड़ी राहत की सांस ली और 10वें से 9वें नंबर पर आ गई।

 

यह भी पढ़ें: IPL में अब कोई टारगेट सेफ नहीं, इस सीजन 8 बार चेज हुए 220 प्लस रन

मुंबई इंडियंस के अपकमिंग मैच

  • 10 मई: मुंबई बनाम बेंगलुरु (शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम, रायपुर)
  • 14 मई: मुंबई बनाम पंजाब (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला)
  • 20 मई: मुंबई बनाम कोलकाता (ईडन गार्डन्स, कोलकाता)
  • 24 मई: मुंबई बनाम राजस्थान (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई)

मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ क्वालिफिकेशन सीनारियो

हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली इस टीम के लिए प्लेऑफ की राह अब किसी चमत्कार से कम नहीं है। यदि मुंबई अपने बाकी बचे सभी मैच जीत भी लेती है तो वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी। टीम के अभी सिर्फ 4 मैच ही बचे हैं। इतिहास पर नजर डालें तो 10 टीमों के इस टूर्नामेंट में 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इकलौती ऐसी टीम थी, जिसने मात्र 14 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था।

 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने LSG को धो डाला, 44 गेंद में 84 रन ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

 

मुंबई की किस्मत अब अपनी जीत से ज्यादा दूसरी टीमों के नतीजों पर भी टिकी है। वर्तमान में पंजाब किंग्स (PBKS) 13 अंकों पर है और उनकी सिर्फ एक जीत मुंबई को रेस से पूरी तरह बाहर कर देगी। वहीं, RCB, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस 12-12 अंकों पर मौजूद हैं। इन चारों टीमों में से किसी की भी एक जीत मुंबई के आगे बढ़ने के रास्ते बंद कर सकती है। मुंबई को अब दुआ करनी होगी कि इनमें से कम से कम दो टीमें अपने आगामी मैचों में खराब प्रदर्शन करें।