IPL 2026 में दूसरा शतक लगाने वाला खिलाड़ी मिल गया है और यह कोई और नहीं साउथ अफ्रीका के धाकड़ ओपनर क्विंटन डी कॉक हैं। उन्होंने यह कमाल लीग के 24वें मैच में किया, जहां मुंबई इंडियंस (MI) का मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) से था। इस मैच में डी कॉक ने सिर्फ 53 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया।
क्विंटन डी कॉक का ये शतक इसलिए भी खास रहा क्योंकि एक तरफ मुंबई इंडियंस के बाकी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो रहे थे, वहीं डी कॉक ने क्रीज पर टिककर टीम की पारी को संभाला। उन्होंने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। PBKS के खिलाफ इस पारी में क्विंटन डी कॉक ने 60 गेंदों में 112 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 में अगला मैच कब खेलेंगे रोहित शर्मा? जानिए हार्दिक पांड्या का जवाब
डी कॉक ने IPL में रचा इतिहास
इस मैच के 7वें ओवर में जैसे ही क्विंटन डी कॉक ने अपना 24वां रन बनाया, उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। क्विंटन डी कॉक IPL में बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज 3000 रन पूरे करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनके नाम 100 IPL मैचों में 3000 से अधिक रन दर्ज हैं। उन्होंने एडम गिलक्रिस्ट (2069 रन) और जोस बटलर (1689 रन) जैसे दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
रोहित की गैरमौजूदगी में खेलें डी कॉक
रोहित शर्मा को IPL 2026 के 24वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें उस मैच में रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। उन्हें PBKS के खिलाफ 25वें मैच की प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया। रोहित की जगह क्विंटन डी कॉक को शामिल किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित अगले दो मैचों में भी नहीं खेलेंगे।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 की सबसे खराब ओपनिंग जोड़ियां कौन-सी हैं? देखें पूरी लिस्ट
धोनी और राहुल जैसे दिग्गजों के क्लब में एंट्री
ओवरऑल विकेटकीपर-बल्लेबाजों की बात करें तो डी कॉक अब दुनिया के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने इस भूमिका में निरंतरता दिखाई है। इस लिस्ट में भारतीय दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी 5000 से ज्यादा रनों के साथ टॉप पर हैं। धोनी के अलावा दिनेश कार्तिक, केएल राहुल, ऋषभ पंत और संजू सैमसन ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो डी कॉक से आगे हैं। डी कॉक अब इस खास क्लब में शामिल होने वाले इकलौते विदेशी चेहरा बन गए हैं।
