जयपुर का सवाई मान सिंह स्टेडियम कभी राजस्थान रॉयल्स (RR) का अभेद किला हुआ करता था। इस मैदान पर बड़ी से बड़ी टीमें RR के सामने घुटने टेक देती थीं लेकिन अब इसी किले में कोई भी सेंध लगाकर चला जा रहा है। शनिवार (9 मई) की रात गुजरात टाइटंस ने RR को उसके घर में रौंद दिया। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में RR की यह जयपुर में लगातार तीसरी हार रही।

 

IPL 2025 की शुरुआत से RR ने जयपुर में 8 मैच खेले हैं, जिसमें उसे महज 1 ही जीत मिली है। मौजूदा सीजन में RR को जयपुर में एक और मैच खेलना है। अगर वह इस मुकाबले में भी हार जाती है तो उसके लिए 'करो या मरो' की स्थिति बन जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 'झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में...' WFI संग विवाद के बीच बोलीं विनेश फोगाट

पटरी से उतरी RR

रियान पराग की कप्तानी में RR ने सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया था। उसने अपने पहले 4 मुकाबले जीत लिए थे। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज धमाल मचा रहे थे। मगर सीजन जैसे-जैसे आगे बढ़ा RR की टीम फॉर्म खोती चली गई। RR ने लगातार 4 जीत के बाद अगले 7 में से 5 मुकाबले गंवा दिए हैं, जिससे उसने अपनी प्लेऑफ की राह मुश्किल बना ली है। टीम के पास फिलहाल 11 मैचों में 12 पॉइंट्स हैं। उसे टॉप-4 में फिनिश करने के लिए अपने बचे हुए 3 मैचों में से कम से कम 2 जीतने होंगे।

RR के गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन जारी 

IPL 2008 की चैंपियन टीम RR के गेंदबाज लय से भटके हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने पिछले 4 मुकाबले में हर बार 220 से ज्यादा रन लुटाए हैं। गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन का असर बल्लेबाजों पर भी दिखने लगा है। GT के खिलाफ 230 रन के चेज में RR की बल्लेबाजी पूरी तरह से फेल हो गई और टीम महज 152 रन पर ही सिमट गई। इस मुकाबले में RR के रेगुलर कप्तान रियान पराग चोट के चलते नहीं खेल रहे थे। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल ने कमान संभाली। यशस्वी बतौर कप्तान अपने पहले IPL मैच में बल्ले से फ्लॉप साबित हुए और 4 गेंद खेलकर 3 रन ही बना सके।

 

यह भी पढ़ें: जो क्रिस गेल भी नहीं कर सके, वह वैभव सूर्यवंशी ने कर दिखाया, IPL में रचा इतिहास

पराग की चोट ने बढ़ाई RR की चिंता

रियान पराग को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 1 मई को खेले गए मुकाबले में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। पराग ने इस मैच में 50 गेंद में 90 रन की पारी खेली थी और फॉर्म में वापसी की थी। मगर टूर्नामेंट के अहम मौके पर उन्हें चोट लग गई। DC के खिलाफ मैच के बाद RR को 8 दिन का ब्रेक मिला था लेकिन पराग पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए और वह GT के सामने मैदान पर नहीं उतरे। समझा जा रहा है कि वह कुछ और दिन ऐक्शन से बाहर रह सकते हैं। यानी पराग का अगले मुकाबले में भी खेलना तय नहीं है। अगर वह समय पर पूरी फिटनेस हासिल नहीं करते हैं तो RR की नैया डूब भी सकती है।